नालंदा: पुलिस की गश्ती गाड़ी ने ले ली युवक की जान? परिजनों का गंभीर आरोप
सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहडीह मोहल्ले में एक युवक की कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहडीह मोहल्ले में एक युवक की कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस युवक को बचाने का प्रयास करती, तो उसकी जान बच सकती थी। वहीं पुलिस ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि युवक को निकालने में पुलिस ने ही स्थानीय लोगों की मदद से प्रयास किया था।
मृतक की पहचान सोहडीह मोहल्ला निवासी अमर कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमर कुमार अपने घर के पास एक खंडहरनुमा मकान के समीप खड़ा था। इसी दौरान इलाके में पुलिस की गश्ती गाड़ी पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद कई लोग भागने लगे। अमर कुमार भी भागते हुए खंडहरनुमा मकान में चला गया, जहां अंधेरे के कारण उसे कुआं दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसमें गिर गया।
परिजनों का आरोप है कि अमर कुमार के कुएं में गिरने के बावजूद पुलिस ने उसे तत्काल बाहर निकालने की गंभीर कोशिश नहीं की और मौके से चली गई। उनका कहना है कि करीब दो घंटे बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस बचाव कार्य करने के बजाय वहां से पैसे लेकर चली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस खंडहरनुमा मकान के पास यह घटना हुई, वहां अक्सर नशेड़ियों और जुआरियों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस की गश्ती इसी इलाके में पहुंची थी, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति में यह हादसा हो गया।
वहीं सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने परिजनों के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस किसी छापेमारी के लिए नहीं, बल्कि नियमित गश्ती पर थी। गश्ती वाहन को देखकर कुछ लोग भागने लगे, इसी दौरान अमर कुमार कुएं में गिर गया। थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस ने रस्सी की मदद से स्थानीय लोगों के साथ मिलकर युवक को बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि पुलिस पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट
Trending News