मुजफ्फरपुर में डबल मर्डर, रिटायर्ड बैंककर्मी दंपती की बेरहमी से हत्या, पत्नी का मुंह बांधकर...
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग इलाके में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर 75 वर्षीय रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर और उनकी 70 वर्षीय पत्नी नीलम कुंवर की निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने सबसे पहले प्रथम तल पर मौजूद अशोक कुंवर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। उनकी पीठ पर करीब एक दर्जन से अधिक वार किए गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद हत्यारे दूसरे तल पर पहुंचे, जहां उनकी पत्नी नीलम कुंवर को निशाना बनाया गया। पहले उनका मुंह टेप से बंद किया गया और फिर गले में गमछा कसकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार हत्या सोमवार शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच की गई है। प्रथमदृष्टया यह मामला चाकू से हत्या का प्रतीत होता है। एफएसएल की शुरुआती जांच में अशोक कुंवर के शरीर पर कई चाकू के वार की पुष्टि हुई है, जबकि उनकी पत्नी के मुंह पर टेप लगाए जाने और गला दबाकर हत्या किए जाने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से एक झोला बरामद किया है, जिसमें ग्लव्स और ईयरफोन मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए ग्लव्स का इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में दो अपराधियों के शामिल होने की संभावना है।
एसएसपी ने बताया कि मृतक के बेटे के अनुसार परिवार का जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं, भवन में रहने वाले तीन किरायेदारों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े हर पहलू का खुलासा हो सके।
स्थानीय निवासी चिंकू कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे मृतक के बेटे निखिल का फोन आया। उसने बताया कि घर का सीसीटीवी कैमरा ठीक से काम नहीं कर रहा है और माता-पिता से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके बाद जब वह घर पहुंचे तो अंदर दोनों का शव पड़ा मिला। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, अपराधियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। एफएसएल रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शहर के बीचोंबीच हुई इस सनसनीखेज डबल मर्डर की घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Trending News