पोस्ट ऑफिस का पैसा लेकर भाग गए डाक बाबू, ढोल-नगाड़े के साथ पहुंची पुलिस, कुर्की-जब्ती...
पूर्वी चंपारण में फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पोस्ट ऑफिस घोटाले के आरोपी फरार डाक बाबू समेत दो अभियुक्तों के घर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया।
पूर्वी चंपारण में फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पोस्ट ऑफिस घोटाले के आरोपी फरार डाक बाबू समेत दो अभियुक्तों के घर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया। ढोल-नगाड़े के साथ की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी भी दी है।
मोतिहारी के जितना थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो फरार अभियुक्तों के घर इश्तिहार चस्पा किया। पहला मामला जितना थाना कांड संख्या-25/26 का है, जिसमें पोस्ट ऑफिस का पैसा लेकर फरार होने के आरोपी डाक बाबू हरिशंकर सिंह, निवासी बनकटवा, के घर पुलिस ने विधिवत इश्तिहार चस्पा किया।
वहीं, दूसरे मामले में जितना थाना कांड संख्या-308/25 के फरार अभियुक्त रवि कुमार, निवासी बीजबनी, के घर भी ढोल-नगाड़े के साथ इश्तिहार चस्पा किया गया। पुलिस ने दोनों गांवों में सार्वजनिक रूप से मुनादी कराते हुए न्यायालय के आदेश की जानकारी लोगों को दी।
पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्त लंबे समय से फरार हैं। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर वे न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी भी कर रही है।
रिपोर्टर ....सोहराब आलम ...जिला पूर्वी चम्पारण
Trending News