'चंदा चोर गद्दी छोड़' राम मंदिर में चोरी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन
अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई कथित चोरी की घटना को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है।
अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई कथित चोरी की घटना को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण के मोतिहारी शहर के गांधी चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
मोतिहारी के गांधी चौक पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अखिलेश दयाल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस के युवा जिला अध्यक्ष बिट्टू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अखिलेश दयाल ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक भाजपा लगातार राम मंदिर के नाम पर जनता से वोट मांगती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब राम मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में शामिल राम मंदिर की सुरक्षा में चूक गंभीर मामला है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। वहीं युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिट्टू यादव ने कहा कि भाजपा ने हर चुनाव में राम मंदिर को प्रमुख मुद्दा बनाया, लेकिन आज जब मंदिर परिसर में चोरी की घटना हुई है तो इसकी जवाबदेही भी भाजपा की ही बनती है।
उन्होंने कहा कि सरकार को घटना की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट
Trending News