फुलौत में झारखंड नंबर की कार में लगी भीषण आग, शराब होने की चर्चा से उठे सवाल
मधेपुरा के चौसा प्रखंड क्षेत्र के फुलौत में शनिवार देर रात पंचायत सरकार भवन के सामने झारखंड नंबर की एक चारपहिया गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में शराब होने की चर्चा है। आग लगने के बाद कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर वाहन से शराब निकालकर ले जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, वाहन में शराब मौजूद थी या नहीं, यदि थी तो उसकी मात्रा कितनी थी और उसे कौन ले गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर काफी देर से पहुंची। दमकल कर्मियों के पहुंचने तक वाहन बुरी तरह जल चुका था। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। झारखंड नंबर का वाहन फुलौत में किस उद्देश्य से पहुंचा था, उसमें क्या सामान था और आग लगने का वास्तविक कारण क्या है?
वहीं, आग लगने के बाद कथित रूप से वाहन से सामान निकालकर ले जाने वालों की पहचान भी जांच का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वाहन में मौजूद सामान, आग लगने के कारण और शराब से जुड़े दावे की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मधेपुरा से रविकांत की रिपोर्ट