डॉक्टर, क्लर्क की कथित शराब पार्टी का वीडियो मामला, डीएम सख्त, जांच के लिए समिति गठित
राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच जहानाबाद सदर अस्पताल डॉक्टर और कर्मचारी से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सदर अस्पताल के एक चिकित्सक, एक क्लर्क समेत कुछ अन्य लोगों के शराब पार्टी में शामिल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने अब तक वीडियो की सत्यता, स्थान और समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अब इसी मामले में बडा अपडेट सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार इस पूरे मामले की जांच के लिए समिति का गठन किया गया है।
मिली खबर के अनुसार इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई. भूटिया ने तत्काल संज्ञान लिया है। डीएम ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच समिति का गठन किया गया है, जिसे शीघ्र अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
इधर, सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी ने सदर अस्पताल के अधीक्षक से मामले में 12 घंटे के भीतर विस्तृत लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बात दें कि कथित वीडियो के वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे और जिला प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। यदि जांच में वीडियो की पुष्टि होती है, तो संबंधित चिकित्सक एवं कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ बिहार मद्य निषेध कानून के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है और लोगों की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे कितने तथ्यात्मक और सही हैं।
जहानाबाद से बरून की रिपोर्ट
Trending News