शराबबंदी पर उठे सवाल : जहानाबाद सदर अस्पताल के डॉक्टर, कर्मचारियों की कथित शराब पार्टी का वीडियो वायरल
राज्य में पिछले दस सालों से पूर्ण शराबबंदी है। राज्य सरकार द्वारा इस पर लगाम लगाए जाने को लेकर तमाम प्रशासनिक पहल की जाती है। हर रोज शराब का सेवन करने वालों और इसके धंधेबाज पर नकेल कसने की भी खबर आती है बावजूद कोई न कोई ऐसी खबर या तस्वीर सामने आ जाती है जिससे शराबबंदी कानून की धज्जियां उडती हुई दिखायी देती है। ऐसा ही एक वीडियो राज्य के जहानाबाद जिले से सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि स्वराज पोस्ट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
दरअसल जहानाबाद जिले से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बताया जा रहा है कि जहानाबाद सदर अस्पताल के एक सरकारी चिकित्सक और कुछ कर्मचारियों के कथित रूप से शराब पार्टी कर रहे है। वीडियो सामने आने के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वायरल वीडियो में सदर अस्पताल के सरकारी चिकित्सक डॉ. ए.के. नंदा तथा अस्पताल के कुछ कर्मचारियों के कथित तौर पर शराब के साथ जाम छलकाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता, स्थान और समय की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग अथवा जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही वीडियो की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में वीडियो प्रमाणिक पाया जाता है और उसमें सरकारी चिकित्सक एवं कर्मचारियों द्वारा शराब सेवन की पुष्टि होती है, तो यह बिहार की शराबबंदी नीति के अनुपालन और सरकारी कर्मियों की जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों की जांच रिपोर्ट और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
जहानाबाद से बरूण की रिपोर्ट
Trending News