संविधान दिवस पर न्यायिक पदाधिकारियों ने किया प्रस्तावना का पाठ, मौलिक कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जहानाबाद न्यायालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाने तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया।

जहानाबाद : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जहानाबाद न्यायालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार के नेतृत्व में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। साथ ही संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाने तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने जिलेवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने जिलेवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह देश की शासन व्यवस्था के साथ विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की शक्तियों एवं जिम्मेदारियों को निर्धारित करता है। संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान के मूल्यों का सम्मान करे और देश की एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लिया
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करने और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। इस मौके पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सतीश कुमार देव, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष प्रभात कुमार द्विवेदी, जिला अपर सत्र न्यायाधीश अरुण कुमार शर्मा, मीतू सिंह, सैयद कमरुल हसन रिजवी, सुनील कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ब्रजेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कौशलेंद्र कुमार शुक्ला, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अदिति कुमारी सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे। विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष राम लड्डू प्रसाद, सचिव अवधेश कुमार, लोक अभियोजक शारदा आनंद प्रसाद, राजकीय अधिवक्ता सच्चिदानंद शर्मा, पैनल अधिवक्ता, पारा विधिक स्वयंसेवक और न्यायालय कर्मियों ने भी भाग लिया।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रपोर्ट















