जूनियर राष्ट्रीय रग्बी प्लेयर का घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत, जीता था गोल्ड
राज्य के जहानाबाद जिले के शकूराबाद निवासी रोहित कुमार ने जूनियर राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है। हैदराबाद में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रोहित की सफलता पर जिले में खुशी का माहौल है। रेलवे स्टेशन पहुंचने पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
इस मौके पर जहानाबाद जिला रग्बी संघ के सह सचिव प्रदीप प्रकाश ने बताया कि रोहित कुमार का चयन बिहार टीम में जूनियर राष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ था। प्रतियोगिता 9 से 11 जुलाई तक हैदराबाद के जीएमसी बालयोगी एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित हुई। पूरे टूर्नामेंट में रोहित ने बेहतरीन खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए बिहार को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोहित की इस उपलब्धि पर बिहार रग्बी एसोसिएशन के सचिव डॉ. पंकज कुमार ज्योति, जहानाबाद रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन कुमार, सचिव गौतम कुमार, सह सचिव प्रदीप प्रकाश, कोच विकास कुमार, प्रकाश कुमार, विक्रम कुमार, आकाश कुमार सहित कई खेल पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी। रेलवे स्टेशन पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और रोहित का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कोच विकास कुमार ने कहा कि रोहित ने कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन आर्थिक संसाधनों और आधुनिक खेल सुविधाओं का अभाव खिलाड़ियों के सामने बड़ी चुनौती है। यदि जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज का सहयोग मिले तो जहानाबाद के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। रोहित कुमार की इस ऐतिहासिक सफलता ने जिले के युवाओं में खेल के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा किया है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
जहानाबाद से बरूण की रिपोर्ट
Trending News