जहानाबाद में नए डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, उच्च शिक्षा को मिली नई उड़ान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को 211 नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया। इसी कड़ी में जहानाबाद जिले में भी नए डिग्री कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया गया।
बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्यों की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को इसका वर्चुअल शुभारंभ किया। इसी कड़ी में जहानाबाद जिले में भी नए डिग्री कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया गया।
सरकार का कहना है कि इस पहल से ग्रामीण और दूर-दराज के हजारों विद्यार्थियों को अपने जिले में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा, जिससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी। जहानाबाद के लिए बुधवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उम्मीद लेकर आया। राज्यव्यापी अभियान के तहत जिले में नए डिग्री कॉलेज का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार (चंद्रवंशी), जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अतिथियों ने फीता काटकर महाविद्यालय का उद्घाटन किया और इसे जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मंत्रियों ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। राज्यभर में एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत इसी सोच का परिणाम है। इससे अब जहानाबाद और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और विशेष रूप से बेटियों की उच्च शिक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी।
फिलहाल महाविद्यालय में छह विषयों में पठन-पाठन शुरू किया जा रहा है। आने वाले समय में विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार नए विषय जोड़े जाएंगे और शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि नए डिग्री कॉलेज के शुरू होने से जहानाबाद सहित आसपास के प्रखंडों के हजारों छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। लंबी दूरी तय करने की परेशानी कम होगी, पढ़ाई छोड़ने की संभावना घटेगी और उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ेगा। यह पहल स्थानीय युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने के साथ-साथ जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी।
राज्यभर में 211 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत बिहार सरकार की उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने की बड़ी पहल मानी जा रही है। जहानाबाद में नए महाविद्यालय के खुलने से आने वाले वर्षों में हजारों छात्र-छात्राओं को अपने जिले में ही बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा, जो विकसित बिहार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट
Trending News