पंचमंदिर जमीन विवाद में फिर बढ़ा तनाव, शिकायतकर्ता राजा बाबू पर हमला, मारपीट में घायल
शहर के पंचमंदिर की जमीन पर कथित अतिक्रमण का विरोध करना मुजफ्फर इमाम उर्फ राजा बाबू को एक बार फिर भारी पड़ गया।

जमुई: शहर के पंचमंदिर की जमीन पर कथित अतिक्रमण का विरोध करना मुजफ्फर इमाम उर्फ राजा बाबू को एक बार फिर भारी पड़ गया। बुधवार की रात करीब 9:30 बजे टाउन थाना क्षेत्र के खैरा मोड़ के समीप एक निजी क्लीनिक के पास उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में राजा बाबू घायल हो गए। उन्होंने टाउन थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले में सदर अस्पताल में इलाज के दौरान घायल राजा बाबू ने बताया कि वह बुधवार की रात होटल से खाना लेकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही खैरा मोड़ के पास एक निजी क्लीनिक के समीप पहुंचे, कुछ युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और लाठी-डंडे एवं रॉड से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला कर रहे थे। किसी तरह वहां से जान बचाकर भागते हुए टाउन थाना पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मारपीट के दौरान उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।
राजा बाबू ने बताया कि शहर के पंचमंदिर की जमीन पर कथित अतिक्रमण कर वार्ड संख्या 13 के पार्षद फिरोज आलम उर्फ डीशु द्वारा मकान बनाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट किया था। उनका आरोप है कि इसके बाद वार्ड पार्षद और उनके सहयोगियों ने उन्हें घर से जबरन उठाकर एक घर में ले जाकर मारपीट की थी तथा सादे कागज पर हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान भी ले लिया था। इस संबंध में उन्होंने पहले भी टाउन थाना में आवेदन दिया था।
उनका कहना है कि प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर उन्होंने एसपी विश्वजीत दयाल के कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया था। इस मामले को लेकर मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद से विवाद और बढ़ गया। राजा बाबू ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में बुधवार की रात उन पर हमला किया गया। उन्होंने मारपीट में वार्ड पार्षद के सहयोगी ताबीस हेलाल, काबीस हेलाल, कासिफ हेलाल और साकिन हेलाल समेत अन्य लोगों को पहचानने का दावा किया है। इधर, मामले में दूसरे पक्ष के ताबीस हेलाल ने भी राजा बाबू और उनके साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के दौरान गोली चलाने की भी बात सामने आई। घटना के बाद मौजूद ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने वार्ड पार्षद से किसी तरह का संबंध होने से भी इनकार किया है।
इस संबंध में टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार रात हुई घटना को लेकर राजा बाबू की ओर से आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट











