PNB से रुपए निकालकर लौट रही महिला से 20 हजार की टप्पेबाजी, 3 लाख का फर्जी बंडल थमाकर उचक्के फरार
गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की रहने वाली एक महिला के साथ दिनदहाड़े टप्पेबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

गोपालगंज : गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की रहने वाली एक महिला के साथ दिनदहाड़े टप्पेबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकालकर लौट रही महिला को शातिर बदमाशों ने अपनी बातों में उलझाकर 20 हजार रुपए नकद ऐंठ लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की पहचान रामपुर गांव निवासी बीरन चौहान की पत्नी दुखनी देवी के रूप में हुई है।
यूनियन बैंक के पास वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, दुखनी देवी भोरे स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से रुपए निकालकर खजुरहां स्थित यूनियन बैंक के पास पहुंची थीं। आशंका जताई जा रही है कि उचक्के पीएनबी बैंक के अंदर से ही महिला की रेकी कर रहे थे। जैसे ही महिला यूनियन बैंक के ठीक सामने मुख्य सड़क पर पहुंची, बदमाशों ने उसे घेर लिया।
रिश्तेदारी का ढोंग रचाकर थमाया कागज का बंडल
वहीं शातिर बदमाशों ने महिला से चाची-भतीजे का फर्जी रिश्ता बताकर उसका भरोसा जीता। इसके बाद उन्होंने झांसे में लेते हुए महिला को तीन लाख रुपए का एक बंडल थमाया और बदले में उसके पास मौजूद 20 हजार रुपए नकद लेकर चंपत हो गए। बदमाशों के जाने के बाद जब महिला ने बंडल खोलकर देखा तो उसमें नोटों की जगह सिर्फ कागज के टुकड़े भरे पड़े थे।
CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने भोरे थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। भोरे के प्रभारी थानाध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











