सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विवादित वीडियो, हरकत में आई पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
गोपालगंज जिले क़े कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवनवा गांव से संबंधित एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

गोपालगंज: जिले क़े कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवनवा गांव से संबंधित एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वायरल वीडियो में अनैतिक व अशोभनीय आचरण से जुड़ी सामग्री प्रसारित होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बता दें कि गत 22 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया पर बेलवनवा गांव से जुड़ा एक वीडियो तेजी से प्रसारित होना शुरू हुआ। वीडियो में बृज मोहन दास नामक व्यक्ति के साथ कुछ अन्य महिलाएं नजर आ रही हैं। प्रसारित सामग्री को अनैतिक और अशोभनीय माना गया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने महिलाओं के सम्मान और विधि-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए मामले का तत्काल संज्ञान लिया। इस बीच तकनीकी साक्ष्य व मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी प्रक्रिया के तहत वायरल वीडियो को जब्त कर लिया ताकि अदालत में कड़े साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें।
इधर गोपालगंज पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या संवेदनशील सामग्री को बिना सत्यापन के शेयर या फॉरवर्ड न करें। इस प्रकार के कृत्यों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










