गोपालगंज: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद नाबालिग का अपहरण, मांगी 5 लाख की फिरौती

भोरे (गोपालगंज): सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किशोरों की सुरक्षा के लिए एक बार फिर बड़ा खतरा बनकर सामने आया है। भोरे थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।

गोपालगंज: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद नाबालिग का अपहरण, मांगी 5 लाख की फिरौती
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 28, 2026, 10:46:00 PM

भोरे (गोपालगंज): सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किशोरों की सुरक्षा के लिए एक बार फिर बड़ा खतरा बनकर सामने आया है। भोरे थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। दुस्साहस का आलम यह है कि आरोपी और उसके परिवार ने लड़की की सुरक्षित वापसी के बदले परिजनों से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। इस संबंध में पीड़ित लड़की के मामा की शिकायत पर भोरे थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

इंस्टाग्राम के जरिए झांसे में लिया.....

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग लड़की भोरे स्थित अपने मामा के घर आई हुई थी। इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी रामनाथ तिवारी के पुत्र निखिल तिवारी से हुई। आरोपी निखिल लगातार सामान्य और व्हाट्सएप कॉल के जरिए नाबालिग से बातचीत करता रहा और धीरे-धीरे उसे अपने झांसे में ले लिया।

आधी रात को किया अगवा, भाई ने फोन पर मांगी फिरौती.....

बीती 18/19 जून 2026 की मध्य रात्रि को आरोपी निखिल तिवारी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। जब परिजनों ने लड़की की खोजबीन शुरू की, तो आरोपी के बड़े भाई सोनू कुमार तिवारी ने फोन कर लड़की की सुरक्षित वापसी के एवज में 5 लाख रुपये नकद फिरौती की मांग की।

पूरे परिवार ने दिया आरोपी का साथ....

घटना के बाद जब पीड़ित परिवार बदहवास हालत में आरोपी के पैतृक गांव सलेमपुर पहुंचा, तो वहां स्थिति और गंभीर हो गई। आरोपी के पिता रामनाथ तिवारी और उसकी माता ने भी फिरौती की मांग का खुला समर्थन किया और अपने आरोपी बेटे को संरक्षण दिया।

पुलिसिया कार्रवाई: 

पीड़ित परिवार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भोरे पुलिस ने मुख्य आरोपी निखिल तिवारी, उसके भाई सोनू कुमार तिवारी और माता-पिता सहित पूरे परिवार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट