गन्ने के खेत में दिखा गैंडा, ग्रामीणों में दहशत, मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
बड़ी खबर बगहा से आ रही है जहां गंडक दियारा के मधुबनी प्रखंड के देवीपुर कोइरी टोला सरेह में मंगलवार को गैंडा दिखाई देने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। धनहा के देवीपुर से निकलकर गैंडा गोबरहिया सरेह स्थित गन्ने की खेत में जा छिपा है।

बेतिया : बड़ी खबर बगहा से आ रही है जहां गंडक दियारा के मधुबनी प्रखंड के देवीपुर कोइरी टोला सरेह में मंगलवार को गैंडा दिखाई देने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। धनहा के देवीपुर से निकलकर गैंडा गोबरहिया सरेह स्थित गन्ने की खेत में जा छिपा है। वहीं सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी गईं है। दरअसल, वीटीआर के वनरक्षी आबिद हुसैन और रंजीत कुमार के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम गैंडा की निगरानी में सुबह से ही जुटी हुईं है।
गैंडा का रेस्क्यू करने के लिए पटना से विशेष टीम बुधवार कों पहुंचेगी - बगहा रेंज ऑफिसर श्रीमान मालाकार
इस संबंध में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के बगहा रेंज ऑफिसर श्रीमान मालाकार ने बताया कि गैंडा का रेस्क्यू करने के लिए पटना से विशेष टीम बुधवार कों पहुंचेगी। जीपीएस सिस्टम, प्रशिक्षित हाथियों और विशेषज्ञों की मदद से गैंडे को ट्रैंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू करने की योजना बनाई गईं है। बता दें कि 13 अक्टूबर को गंडक दियारा के पिपरासी में भी एक मेहमान गैंडा दिखाई दिया था। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि बीते दिनों आईं बाढ़ की पानी में बहकर नेपाल के चितवन नेशनल पार्क से नारायणी-गंडक नदी के रास्ते गैंडा वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंच गया होगा।
बेतिया से परवेज आलम की रिपोर्ट













