अतिक्रमण हटाने वाले थाने पर ही अतिक्रमण का आरोप! जब्त वाहनों से घुटा विजयीपुर डाकघर का रास्ता, बुजुर्ग परेशान
गोपालगंज: जब अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी निभाने वाले थाने पर ही अतिक्रमण का आरोप लगे, तो सवाल उठना लाजिमी है! गोपालगंज जिले के विजयीपुर में उप डाकघर जाने वाले रास्ते की बदहाली ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गोपालगंज: जब अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी निभाने वाले थाने पर ही अतिक्रमण का आरोप लगे, तो सवाल उठना लाजिमी है! गोपालगंज जिले के विजयीपुर में उप डाकघर जाने वाले रास्ते की बदहाली ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि विजयीपुर थाने में जब्त वाहनों के जमावड़े के कारण डाकघर तक जाने वाला रास्ता लगभग अवरुद्ध हो गया है। हालात ऐसे हैं कि चारपहिया वाहन से पहुंचना तो दूर, पैदल चलने में भी लोगों को परेशानी हो रही है।
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, डाकघर के रास्ते पर जब्त वाहनों का अंबार लगा हुआ है, जिससे आवागमन के लिए बेहद संकरा रास्ता बचा है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा बुजुर्गों, अस्वस्थ लोगों और डाकघर के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। जिस डाकघर में वरिष्ठ नागरिक अपनी जमा-पूंजी रखते हैं और लेनदेन के लिए पहुंचते हैं, वहां तक पहुंचना ही उनके लिए चुनौती बन गया है।
बताया जाता है कि पहले इस डाकघर तक चारपहिया वाहनों से भी पहुंचना संभव था, लेकिन अब रास्ते की स्थिति ऐसी हो गई है कि पैदल आवागमन में भी कठिनाई हो रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर आम जनता की सुविधा से जुड़ी इस समस्या का समाधान कौन करेगा?
आरटीआई एक्टिविस्ट ने उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग
प्रमुख समाजसेवी, आरटीआई एक्टिविस्ट एवं बिहार शिक्षक महासंघ (34540), पटना के प्रवक्ता सुरेश चंद पांडेय उर्फ त्यागी ने इस मामले पर चिंता जताते हुए विजयीपुर थाना प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और उप डाकघर जाने वाले रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि प्रशासन की जिम्मेदारी आम लोगों की सुविधाओं की रक्षा करना है। यदि जब्त वाहनों के कारण सरकारी डाकघर तक पहुंचने का रास्ता बाधित हो रहा है, तो इस समस्या का तत्काल समाधान होना चाहिए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विजयीपुर डाकघर के रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए कौन पहल करेगा? क्या डाक विभाग इस मामले में संज्ञान लेगा या थाना प्रशासन स्वयं रास्ता खाली कराने की कार्रवाई करेगा? फिलहाल डाकघर के उपभोक्ताओं को राहत मिलने का इंतजार है।
गोपालगंज/विजयीपुर से शंकर जी की रिपोर्ट













