दरभंगा: 6 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, भीड़ ने गाड़ी फूंकी, पुलिस ने लोगों को पीटा

दरभंगा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

दरभंगा: 6 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या, भीड़ ने गाड़ी फूंकी, पुलिस ने लोगों को पीटा
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Feb 08, 2026, 11:54:00 AM

दरभंगा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोस में रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि बच्ची शनिवार शाम से लापता थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान गांव के बाहर एक तालाब के पास कुछ कुत्तों के भौंकने की आवाज़ आई, जिससे परिवार के लोगों को शक हुआ। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो तालाब के किनारे दीवार के पास बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। रविवार को गुस्साए लोगों ने दरभंगा के मुख्य मार्ग पर सुंदरपुर बेला मंदिर के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

हालात बेकाबू होते देख प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। मौके पर आठ थानों की पुलिस मौजूद है। इस दौरान उग्र भीड़ ने एक ऑटो को आग के हवाले कर दिया और पुलिस पर पथराव किया। पत्थरबाजी में एसडीएम के पैर में चोट लगने की खबर है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस का दावा है कि हालात काबू में हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रशासन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।