कोईलवर नगर पंचायत की बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा, खराब स्ट्रीट लाइटें होंगी दुरुस्त
नगर पंचायत कोईलवर कार्यालय के सभागार में सोमवार को मुख्य पार्षद सरताज आलम की अध्यक्षता में आम बैठक हुई। इसमें नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

कोईलवर : नगर पंचायत कोईलवर कार्यालय के सभागार में सोमवार को मुख्य पार्षद सरताज आलम की अध्यक्षता में आम बैठक हुई। इसमें नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। नल-जल योजना, सामुदायिक शौचालय, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नाला निर्माण समेत विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विकास योजनाओं के चयन को लेकर कई प्रस्ताव भी रखे गए।
बैठक में वार्ड पार्षद धनंजय कुमार ने नगर क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने का प्रस्ताव रखा
बैठक में वार्ड पार्षद धनंजय कुमार ने नगर क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने का प्रस्ताव रखा। वहीं, कायाकल्प योजना के तहत कच्चे कार्यों के लिए सभी पार्षदों से योजनाओं की सूची मांगी गई। वार्ड-12 में ठेकेदार के काम अधूरा छोड़कर चले जाने के कारण शेष निर्माण कार्य के लिए दोबारा टेंडर कराने पर चर्चा हुई। इसके अलावा वार्ड-3, 4, 6 और 10 के साथ सुरौधा कॉलोनी में बड़े नाले के निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है।
कार्यपालक पदाधिकारी शहाब याहिया ने कहा- नगर क्षेत्र में इसके निर्माण के लिए फिलहाल जमीन उपलब्ध नहीं है
नगर के वार्ड-1, 2, 3, 4, 7, 9, 10, 11 और 13 में बोरिंग का विस्तार करने की योजना है। वहीं, पार्षद वीरेंद्र राम ने नगर में सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग उठाई। इस पर कार्यपालक पदाधिकारी शहाब याहिया ने बताया कि नगर क्षेत्र में इसके निर्माण के लिए फिलहाल जमीन उपलब्ध नहीं है। जमीन उपलब्ध कराने के लिए अंचलाधिकारी से मांग की गई है। बैठक में उप मुख्य पार्षद मनोरमा देवी, पार्षद शिवकुमार सिंह, समद अंसारी, गुड्डू बानो, सूफिया परवीन, शिवकुमारी देवी, मुन्नी देवी व स्वच्छता पदाधिकारी अर्पिता समेत नगर पंचायत के अन्य कर्मी मौजूद थे।
कोईलवर से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट














