पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के संबंध में बडा आदेश दिया है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाया जाए। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ ने इस आदेश के बारे में जानकारी दी है। वहीं अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स के अनुसार सुप्रीम कोर्ट की तरफ से यह आदेश इमरान खान के परिवार और उनकी पार्टी की बार-बार की गई उन मांगों के बाद आया है, जिनमें उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते हुए उन्हें अस्पताल में इलाज दिलाने की बात कही गई थी। इमरान के बेटों ने उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर कई बार चिंता जताई थी। वहीं उनके वकीलों का कहना था कि जेल में रहने के दौरान उनकी दाईं आंख की रोशनी काफी कम हो गई है।
ज्ञात हो कि इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से जेल में हैं। हालांकि इमरान का कहना है कि उनपर लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट की माने तो पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट का ये फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तानी सेना के प्रमुख असीम मुनीर के लिए बहुत बड़ा झटका है। इन दोनों से ही इमरान खान के रिश्ते छत्तीस के माने जाते हैं।
वहीं यह खबर भी है कि पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट को सोमवार को जेल अधिकारियों ने बताया कि जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंखों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उनकी दृष्टि लगभग सामान्य है। बता दें कि इससे चंद रोज पहले ही एक पाकिस्तानी पत्रकार ने इमरान खान के जीवन को लेकर बडा दावा किया था। जिसके बाद से सनसनी फैल गयी थी।