लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव के बाद आज यानी 27 अक्टूबर को मतगणना शुरू हो गई है। सुबह आठ बजे से सात शहरों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जा रही है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर कुल 152 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। अब सभी की नजरें चुनाव के नतीजों पर टिकी हैं।
मतगणना की शुरुआत
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की 11 सीटों के लिए मतगणना की शुरुआत सुबह आठ बजे से हो गई है। कुछ ही देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे। मतगणना केंद्र के पास उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ है। हालांकि, पुलिस किसी को भी काउंटिंग सेंटर के पास आने नहीं दे रही।
मतगणना के लिए लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में केंद्र बनाए गए हैं
वहीं मतगणना के लिए लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में केंद्र बनाए गए हैं। सभी जगह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक, मतगणना की पूरी प्रक्रिया प्रेक्षकों और रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में होगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है।
लखनऊ में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती रमाबाई रैली स्थल पर होगी
राजधानी लखनऊ में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती रमाबाई रैली स्थल पर होगी। इसके लिए अलग-अलग हॉल बनाए गए हैं। वहीं, वाराणसी में स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन, आगरा में नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, मेरठ में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज, बरेली में संजय कम्युनिटी हॉल और गोरखपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय को मतगणना केंद्र बनाया गया है।