वेलिंगटन टेस्ट : भारत-न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रा, मिचेल व फिलिप्स की जोड़ी ने टाली हार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है। टेस्ट के पांचवें दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बेसिन रिजर्व के मैदान पर टीम की हार को टालने में सफल रहे।

वेलिंगटन : भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है। टेस्ट के पांचवें दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बेसिन रिजर्व के मैदान पर टीम की हार को टालने में सफल रहे। टेस्ट मैच के पांचवें दिन ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल की जोड़ी ने 258 गेंदों का सामना करते हुए छठे विकेट के लिए 63 रनों की अटूट साझेदारी निभाई और भारत को सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करने से रोका। मिचेल 186 गेंदों का सामना करते हुए 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि फिलिप्स 126 गेंदों का सामना करने के बाद 26 रन बनाकर नाबाद रहे।

टेस्ट के 5वें दिन पहले सेशन में न्यूजीलैंड ने सेट बल्लेबाज डेवोन कॉनवे का बड़ा विकेट गंवाया

टेस्ट के पांचवें दिन पहले सेशन में न्यूजीलैंड ने सेट बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (65) का बड़ा विकेट गंवाया। इसके बाद रचिन रविंद्र 129 गेंदों का सामना करने के बाद 37 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टॉम ब्लंडेल ने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 102 गेंदों में 37 रन जोड़े। ब्लंडेल को 15 रनों के स्कोर पर अंशुल कंबोज ने पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला और क्रीज पर खूंटा गाड़कर खड़े हो गए और उन्होंने दूसरे और फिर तीसरे सेशन में न्यूजीलैंड का एक भी विकेट नहीं गिरने दिया। भारतीय गेंदबाज आखिरी दो सेशन में सिर्फ एक विकेट चटका सके। 

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 120 ओवर तक बल्लेबाजी की और 5 विकेट खोकर 239 रन बनाए

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 120 ओवर तक बल्लेबाजी की और पांच विकेट खोकर 239 रन बनाए। भारत की ओर से दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए प्रसिद्ध कृष्णा ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर एक-एक विकेट ही हासिल कर सके। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। टीम की ओर से हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 और ग्लेन फिलिप्स ने 118 रनों की शानदार पारी खेली। इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट गंवाकर 720 रन बनाने के बाद अपनी पारी घोषित कर दी। 

भारतीय टीम ने पहली पारी के आधार पर 352 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी

भारतीय टीम ने पहली पारी के आधार पर 352 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी। टीम की तरफ से केएल राहुल (136 रन) और ऋषभ पंत (128 रन) ने शतकीय पारियां खेलीं। वहीं, यशस्वी जायसवाल (85 रन), शुभमन गिल (98 रन), देवदत्त पडिक्कल (80 रन) और ध्रुव जुरेल (78 रन) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। 'मैन ऑफ द मैच' हेनरी निकोल्स को दिया गया जिसने पहली पारी में नाबाद 175 रन की पारी खेली थी।

सोर्स-आईएएनएस