8 छक्के, 10 चौके, 29 गेंदों पर 94 रन, छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं...वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में मचाई तबाही, ले लिया बदला...

बेबी बॉस के नाम से मशहूर हो चुके वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 29 गेंद में 94 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में वैभव ने 10 चौके और 8 छक्के भी लगाए।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 21, 2026, 12:08:00 PM

बेबी बॉस के नाम से मशहूर हो चुके वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में अपना असली अवतार दिखा दिया है और तूफानी पारी से गर्दा उड़ा दिया। श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी तूफानी शतक से चूक गए। वैभव ने 29 गेंद में 94 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में वैभव ने 10 चौके और 8 छक्के भी लगाए। इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने छक्का मार अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 11 गेंदें ली। ये लिस्ट-ए में सबसे तेज अर्धशतक है। 

वैभव सूर्यवंशी 29 गेंदों पर 10 चौके और आठ छक्कों की मदद से 94 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव की तूफानी बल्लेबाजी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों के होश उड़ा दिए। वह लगातार बड़े शॉट खेलते  रहे और चौके-छक्कों की बरसात कर दी। पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर वैभव को जीवनदान भी मिल गया। माथुलान की गेंद पर शिराज ने उनका कैच छोड़ दिया। हालांकि इसके बाद तो उन्होंने रुकने का नहीं लिया, फिर ताबड़तोड़ बैटिंग करते रहे।  

इन दोनों टीमों के बीच जो पिछला मैच हुआ था उसमें काफी विवाद हुआ था और वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से लड़ाई भी हो गई थी। अब फाइनल में वैभव और टीम इंडिया दोनों बदला लेने की फिराक में थे। मैदान पर ऑन कैमरा धक्का-मुक्की तक हो गई थी, लेकिन उन्होंने अपने गुस्से को दबा लिया और फाइनल में उसे निकाला।  इस तरह वैभव ने अपने बल्ले से ये बता दिया कि अगर उन्हें छेड़ोगे तो फिर वह छोड़ेंगे नहीं, जिसे उन्होंने फाइनल में साबित करके दिखा दिया।  

वैभव सूर्यवंशी की इस तूफानी पारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने शुरू के अपने 64 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए।  वैभव ने अपना 65वां रन सिंगल से पूरा किया।  हालांकि, इसके बाद भी वैभव सूर्यवंशी ने रुकने का नाम नहीं लिया और श्रीलंका ए के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए अपने शतक की तरफ बढ़े, लेकिन श्रीलंका के कप्तान सहान अराच्चिगे की गेंद पर वह कैच आउट हो गए। इस तरह वैभव महज 6 रन से यादगार शतक से चूक गए।  

बता दें कि वैभव सूर्यवंशी अगर मैच में शतक लगा देते तो वे लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक बनाने के मामले में महान एबी डिविलियर्स (31 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ देते। लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम दर्ज है। मैकगर्क ने ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट में साउथ ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेलते हुए तस्मानिया के खिलाफ महज 29 गेंदों पर ही अपना शतक पूरा कर लिया था।