देश के लिए खेले 14 साल, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मैक्सवेल ने क्रिकेट को कहा अलविदा

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी व ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान कर दिया है। मैक्सवेल ने अपने 14 साल लंबे करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 286 मैच खेले।

खेल डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी व ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान कर दिया है। मैक्सवेल ने अपने 14 साल लंबे करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 286 मैच खेले। उन्होंने लिस्ट-ए और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। हालांकि टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलते रहेंगे।

मैक्सवेल ने पिछले साल जून में ODI क्रिकेट से संन्यास ले लिया था

ग्लेन मैक्सवेल ने पिछले साल जून में एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन टी20 टीम के लिए उपलब्ध रहे थे। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए 2026 टी20 वर्ल्ड कप भी खेले। मैक्सवेल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो क्लिप साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि 2028 में ओलंपिक्स और वर्ल्ड कप भी है। ऐसे में शायद ऑस्ट्रेलिया को युवा और जोशीली टीम की जरूरत होगी और अगले कुछ महीने टीम तैयार करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण होंगे। मैक्सवेल ने कहा कि मैं चाहता था कि मुझे एमसीजी पर अपना रिटायरमेंट मैच खेलने का अवसर मिले, लेकिन मैं अच्छे से समझता हूं कि मैनेजमेंट किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। ओलंपिक्स आ रहा है, इसलिए मेरी नजर में अगले 12 से 24 महीनों के अंतराल में कई सारे बदलाव होंगे।

मैक्सवेल जीते 3 वर्ल्ड कप

वहीं ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने अपने ऐतिहासिक करियर में 2015 और 2023 में दो बार वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता। इसके अलावा वह 2021 में ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का भी हिस्सा रहे। अपने 286 मैचों के अंतर्राष्ट्रीय करियर में उन्होंने तीनों फॉर्मेट में 286 मैच खेलकर 7226 रन बनाए और गेंदबाजी में 136 विकेट भी लिए।

मैक्सवेल ने कहा- कठिन था फैसला

ग्लेन मैक्सवेल ने कहा कि विक्टोरिया के लिए खेले आखिरी वनडे मैच के बाद साथी खिलाड़ियों को रिटायरमेंट के बारे में बताना उम्मीद से ज्यादा अधिक कठिन रहा। उन्होंने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि मैं अपने शारीरिक स्वास्थ्य पर ध्यान दूं जिससे अपने करियर के आखिरी कुछ टूर्नामेंट्स में खेल सकूं। ऑस्ट्रेलिया का यह दिग्गज ऑलराउंडर टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट से रिटायर नहीं हुआ है। वे बीबीएल 2026-27 में मेलबर्न स्टार्स के लिए उपलब्ध रहेंगे और शायद उन्हें कॉन्ट्रैक्ट एक्सटेंशन भी मिल सकता है।