जमशेदपुर : लोयोला स्कूल टेल्को में 10वां वार्षिक खेलकूद समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं खेल भावना के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में चीता हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अर्णव मिश्रा, आईएएस, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम और विशिष्ट अतिथि सुश्री निशु कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी पूर्वी सिंहभूम के आगमन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्या रणजीत ओसन, विद्यालय प्रशासक फादर जेरी, स्कूल सुपीरियर फादर ऑस्कर होरो, रेक्टर फादर माइकल धनराज समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति-चिन्ह के रूप में पौधे व शॉल भेंट किए गए
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति-चिन्ह के रूप में पौधे व शॉल भेंट किए गए। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा खेल ध्वज फहराया गया और विद्यार्थियों ने पूर्ण अनुशासन के साथ ध्वज को सलामी दी। पैंथर, जैगवार, चीता एवं लेपर्ड हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य मशाल प्रज्वलित की गई और शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़कर समारोह का उत्साह और बढ़ा दिया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नर्सरी एवं एलकेजी के बच्चों ने 'खिलौनों की जादुई दुनिया' में टॉम एंड जेरी, मिकी माउस, विनी द पूह बनकर मन मोह लिया
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अर्णव मिश्रा ने कहा कि विद्यालय स्वयं को खोजने और नैतिकता के निर्माण का माध्यम है। वास्तविक लक्ष्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। असफलता सबसे बड़ी सीख देती है और टीम का साथ देने से सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नर्सरी एवं एलकेजी के बच्चों ने 'खिलौनों की जादुई दुनिया' में टॉम एंड जेरी, मिकी माउस, विनी द पूह बनकर मन मोह लिया। यूकेजी के बच्चों ने ईश्वर के चमत्कार, कक्षा-1-2 ने जनजातीय संस्कृति और जंगल सफारी, कक्षा-3-5 ने 'फिट इंडिया' और कक्षा-6-7 ने 'मिशन रोबोटिक्स' के तहत 'आई लव लोयोला' की सुंदर आकृति बनाई।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट