भारत के पूर्व कप्तान व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटों को भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है। भारतीय पुरुष चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैचों के लिए टीम का ऐलान किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 18 सितंबर से होने वाली वनडे सीरीज के लिए वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग (Aaryavir Sehwag) और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ (Anvay Dravid) को चुना गया है।
BCCI (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैचों के लिए अलग-अलग टीम चुनी हैं। ये तीनों वनडे मैच राजकोट में होंगे और सीरीज का पहला मैच 18 सितंबर से शुरू होगा। तीन वनडे मैचों के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और मल्टी-डे के कप्तान यशबर्धन चौहान बनाए गए हैं।वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को वनडे स्क्वॉड में जगह मिली। वनडे सीरीज के बाद 27 सितंबर से शुरू होने वाले दो मल्टी-डे (चार दिवसीय) मैच की सीरीज में आर्यवीर और अन्वय जगह नहीं बना पाए हैं।
पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारत U19 टीम में शामिल किया गया है।आर्यवीर हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली लॉयन्स के लिए खेलते नजर आए थे। अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज और बड़े शॉट्स की वजह से उन्होंने काफी ध्यान खींचा। दिल्ली अंडर-19 टीम से मेघालय के खिलाफ कूच विहार ट्रॉफी 2025 में उन्होंने 309 गेंद में 297 रन की मैराथन पारी खेली थी। सिर्फ तीन रन से वह तिहरे शतक से चूके और टूर्नामेंट में कुल 496 रन ठोके थे। वहीं राहुल द्रविड़ के बेटे विकेटकीपर बैटर अन्वय द्रविड़ जुलाई में श्रीलंका दौरे का हिस्सा थे और उन्होंने दूसरे वनडे मैच में 87 रन बनाए थे। वह रजत बघेल के साथ टीम के दो विकेटकीपरों में से एक हैं।
तीन वनडे मैच 18, 21 और 23 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि मल्टी-डे मैच 27 से 30 सितंबर और दूसरा मैच 5 से 8 अक्टूबर के बीच होगा। अहमदाबाद में खेले जाने वाले दूसरे चार-दिवसीय मैच को छोड़कर बाकी सभी मैच राजकोट में होंगे।
सीरीज का पूरा शेड्यूल
18 सितंबर 2026 (शुक्रवार): पहला वनडे, राजकोट, सुबह 9 बजे
21 सितंबर 2026 (सोमवार): दूसरा वनडे, राजकोट, सुबह 9 बजे
23 सितंबर 2026 (बुधवार): तीसरा वनडे, राजकोट, सुबह 9 बजे
27 से 30 सितंबर 2026 –पहला मल्टी-डे, राजकोट, सुबह 9:30 बजे
5 से 8 अक्टूबर 2026 –दूसरा मल्टी-डे, अहमदाबाद बी ग्राउंड, सुबह 9:30 बजे
भारतीय अंडर-19 वनडे टीम:
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उप-कप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी यशवीर, रोहित यादव, शविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल.
भारतीय अंडर-19 बहु-दिवसीय टीम:
यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय विश्वास (विकेटकीपर), रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव.