महिला एशिया कप 2026 में शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला होगा। भारतीय महिला बनाम पाकिस्तान महिला मैच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत बनाम पाकिस्तान विमेंस एशिया कप 2026 का 9वां मुकाबला है। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम विश्वास से भरी हुई है, जिसने शुरुआती दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली है। अब उसकी नजर ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहने पर है। वहीं पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अभी भी एक और जीत की दरकार है। जानिए भारत बनाम पाकिस्तान मैच कब और कहां है? इसका लाइव प्रसारण भारत में किस चैनल पर होगा और लाइव स्ट्रीमिंग किस एप पर होगी?
भारतीय महिला टीम जो ग्रुप-ए में शामिल है, उसने अपने शुरुआती दो मुकाबलों में जीत हासिल करने के साथ पहले ही सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। ग्रुप स्टेज में पहले मैच में थाईलैंड को 94 रनों से हराने वाली टीम इंडिया ने दूसरे मैच में हांगकांग को 137 रनों से हराया। स्मृति मंधाना ने 124 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। 64 गेंदों में खेली इस पारी में मंधाना ने 7 छक्के और 14 चौके जड़े। वहीं पाकिस्तानी टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच काफी अहम रहने वाला है, जिसमें यदि उनको हार का सामना करना पड़ता है तो उनके लिए ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच करो या मरो की स्थिति वाला हो जाएगा।
हरमनप्रीतकौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया इस मैच में बतौर फेवरेट उतरेगी, भारत विमेंस क्रिकेट में पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदता हुआ आया है। दोनों टीमों के बीच अभी तक खेले गए 17 मुकाबलों में से भारत ने 14 जीते हैं, वहीं पाकिस्तान को 3 बार ही जीत मिली है। भारत-पाकिस्तान की आखिरी भिड़ंत विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां टीम इंडिया ने चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम को 64 रनों से धूल चटाई थी।
भारत ने टूर्नामेंट में थाइलैंड को 94 रन और हांगकांग को 137 रन से हराया। दोनों मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों ने बड़ी भूमिका निभाई। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ भी बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 2014 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 11 मैचों की 11 पारियों में 307 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 अर्धशतक हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 68 रन है। मंधाना इस एशिया कप में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने हांगकांग के खिलाफ पिछले मुकाबले में तूफानी शतक लगाया था।
वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान के खिलाफ 16 मैचों की 13 पारियों में 230 रन बनाए हैं। हालांकि, वो इस टीम के खिलाफ T20 में अब तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सकी हैं। वहीं, विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 2022 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की 5 पारियों में 127 रन बनाए हैं। भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मजबूत स्कोर बनाने के लिए मंधाना के साथ हरमनप्रीत और शेफाली से भी बड़ी पारियों की जरूरत होगी।
भारतीय महिला टीम का टी20 इंटरनेशनल में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें उन्होंने यहां पर 5 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 को जीतने में कामयाबी हासिल हुई है, जबकि सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम ने यहां पर अपना पिछला मुकाबला साल 2024 में न्यूजीलैंड महिला टीम के खिलाफ गंवाया था, जिसके बाद से खेले सभी चार मुकाबलों को वह जीतने में कामयाब रही हैं।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच से जुड़ी अहम जानकारी
भारतीय महिला बनाम पाकिस्तान महिला मैच कब है?
महिला एशिया कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच शनिवार, 5 सितंबर को है।
भारतीय महिला बनाम पाकिस्तान महिला मैच कहां पर है?
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, दुबई.
भारतीय महिला बनाम पाकिस्तान महिला मैच कितने बजे शुरू होगा?
भारत बनाम पाकिस्तान मैच भारतीय समयनुसार शनिवार (5 सितंबर) को रात 8 बजे से शुरू होगा। टॉस 7:30 बजे होगा।
भारतीय महिला बनाम पाकिस्तान महिला मैच का लाइव प्रसारण कहां होगा?
भारतीय महिला टीम और पाकिस्तान महिला टीम के बीच मुकाबले को टीवी पर Sony Sports Ten 1, Sony Sports Ten 3 और Sony Sports Ten 4 चैनल पर देख सकते हैं।
भारतीय महिला बनाम पाकिस्तान महिला मैच की लाइव स्ट्रीमिंग किस एप पर होगी?
भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एप पर देख सकते हैं।
भारतीय स्क्वॉड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, भारती फूलमाली, रेणुका सिंह, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), कमालिनी (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, प्रतीक रावल, क्रांति गौड़, श्री चरणी, प्रेमा रावत.
पाकिस्तान स्क्वॉड
फातिमा सना, आयशा जफर, नाशरा संधू, गल फिरोजा (विकेटकीपर), मुनीबा अली (विकेटकीपर), वहीदा अख्तर, तुबा हसन, सादिया इकबाल, उम्मे हनी, सदाफ शम्स, मोमिना रियासत, एयमन फातिमा, सायरा जबीन, शैवाल जुल्फिकार, ईमान नसीर.