विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 57 साल पुराना रिकॉर्ड, बीसीए ने दी बधाई

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्धन और सचिव ज़िआउल अरफ़ीन ने बिहार के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को दलीप ट्रॉफी में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी है।

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्धन और सचिव ज़िआउल अरफ़ीन ने बिहार के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को दलीप ट्रॉफी में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी है। वैभव ने महज 15 वर्ष 157 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का 57 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 

वैभव ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 1969 में 16 वर्ष 23 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाने वाले लक्ष्मण सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अर्धशतक के बाद भी वैभव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 81 गेंदों में 92 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वह शतक के बेहद करीब पहुंचकर 92 रन पर आउट हुए।

उनकी इस उपलब्धि पर बीसीए अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मैं वैभव सूर्यवंशी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। दलीप ट्रॉफी में इतनी कम उम्र में 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ना बिहार क्रिकेट के लिए बेहद गर्व का क्षण है। वैभव ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत से एक बार फिर साबित किया है कि वह आने वाले समय के बड़े सितारे हैं। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में कई और कीर्तिमान अपने नाम करेंगे।

वहीं ज़िआउल अरफ़ीन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि पूरे बिहार क्रिकेट परिवार के लिए गर्व का विषय है। महज 15 वर्ष 157 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाना उनकी असाधारण प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। 92 रनों की उनकी शानदार पारी ने उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास की झलक दिखाई है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से उन्हें ढेरों शुभकामनाएं और उज्ज्वल भविष्य की दुआ। हमें पूरा विश्वास है कि वैभव आने वाले दिनों में देश और बिहार का नाम और रोशन करेंगे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने भी वैभव सूर्यवंशी की इस रिकॉर्डतोड़ उपलब्धि को राज्य के क्रिकेट इतिहास का एक और गौरवपूर्ण अध्याय बताया और उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।