क्रिकेटर आकाशदीप अक्षिता संग लेंगे सात फेरे, इस दिन वाराणसी में रचाएंगे शादी, मंत्रियों से मुलाकत कर दिया निमंत्रण

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और बिहार के लाल आकाशदीप अब जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। आकाशदीप 24 जून को वाराणसी में शादी के बंधन में बंधेंगे।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 12, 2026, 12:49:00 PM

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और बिहार के लाल आकाशदीप अब जिंदगी की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। मैदान पर अपनी घातक गेंदबाजी से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान करने वाले आकाशदीप इस बार अक्षिता के प्यार में बोल्ड हो गए हैं। आकाशदीप 24 जून को वाराणसी में शादी के बंधन में बंधेंगे। वह अपने गृह जिले रोहतास के डेहरी-ऑन-सोन स्थित मानिकपुर गांव की अक्षिता के साथ सात फेरे लेंगे। 

पारंपरिक वैवाहिक रस्में आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी में संपन्न होंगी। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।  21 जून को तिलक, 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म होगी। शादी से जुड़ी सभी पारंपरिक रस्में उनके पैतृक गांव बड्डी में आयोजित की जाएंगी। 

आकाशदीप की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव बड्डी में अभी से ही उत्सव और जश्न जैसा माहौल बनने लगा है। पूरे गांव को सजाया जा रहा है। रिश्तेदार और ग्रामीण इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। बिहार के इस स्टार क्रिकेटर की शादी की खबर से खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर है।

हाल ही में आकाशदीप ने बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी शादी का निमंत्रण पत्र सौंपकर उन्हें समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। वहीं आकाशदीप ने बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से भी मुलाकात की और शादी का निमंत्रण कार्ड सौंपा। इस मुलाकात को लेकर मंत्री दीपक प्रकाश ने लिखा है-आज विकास भवन स्थित विभागीय कार्यालय में भारतीय क्रिकेट जगत के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आकाशदीप जी से शिष्टाचार मुलाकात हुई। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं के तिलक समारोह का निमंत्रण दिया। उनके जीवन के इस नए अध्याय के लिए मैंने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। ईश्वर से उनके सुखद, सफल एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना करता हूं।

बता दें कि सासाराम के रहने वाले आकाशदीप भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। आकाशदीप IPL में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं। इस साल उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि चोट की वजह से वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सके। इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 8 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट 2025 में आकाशदीप ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट झटके और 66 रन की महत्वपूर्ण पारी भी खेली।