बिहार में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ लगातार हो रही घटनाओं को लेकर चिराग पासवान अपनी ही सरकार पर नाराज हैं और पुलिस-प्रशासन को निकम्मा बता रहे हैं। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने चिराग पासवान को खुला ऑफर दिया है कि वे महागठबंधन में आयें और बिहार में हमारे साथ सरकार बनाएं। साथ ही कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है। न लड़का सुरक्षित है और न लड़की। उन्होंने दावा किया कि राज्य की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। वहीं बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से उठाए गए सवालों पर भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी है और राज्य में एनडीए सरकार को हटाकर महागठबंधन सरकार बनाने के लिए चिराग पासवान को खुला ऑफर दिया है।
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने चिराग पासवान से कहा कि अगर उन्हें भी बिहार की स्थिति खराब लग रही है तो मंत्री पद छोड़कर महागठबंधन के साथ आने पर विचार करें। RJD विधायक ने कहा कि वह चिराग पासवान को महागठबंधन के साथ आने का निमंत्रण देते हैं और उनके साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने तथा प्रदेश की राजनीति करें।
वहीं भाई वीरेंद्र ने Special Intensive Revision (SIR) का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि अगर SIR नहीं होता तो बिहार में उनकी पार्टी और गठबंधन की सरकार होती। उन्होंने कहा कि गठबंधन की बैठक में आगे की रणनीति और फैसलों पर चर्चा की जाएगी। वहीं नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर कांग्रेस वर्किंग कमेटी में कथित चर्चा और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि यदि कांग्रेस वर्किंग कमेटी में नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई चर्चा हुई है तो उसकी जानकारी कांग्रेस के नेता ही सार्वजनिक कर सकते हैं।
बता दें कि राज्य में बेलगाम अपराध और महिलाओं की असुरक्षा पर चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को निकम्मा तक बता चुके हैं। चिराग पासवान ने साफ कहा था कि उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करने में शर्मिंदगी महसूस हो रही है। इतना ही नहीं चिराग पासवान ने बिहार पुलिस और प्रशासन को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा किया था और उन्होंने कहा था कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह निकम्मा हो चुका है। इसी को लेकर आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने चिराग पासवान को साथ आने का ऑफर दिया है।