लालू परिवार की सिक्योरिटी और बंगला विवाद के बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार को पटना पहुंचे। उनके साथ पिता लालू प्रसाद और बड़ी बहन मीसा भारती भी साथ रहीं। पटना एयरपोर्ट से लालू परिवार बिना किसी पुलिस एस्कॉर्ट और अतिरिक्त सुरक्षा के अपने आवास के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद राजद कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
तेजस्वी यादव एयरपोर्ट से बिना एस्कॉर्ट (पुलिस की गाड़ी) आवास के लिए निकल गए। तेजस्वी के एस्कॉर्ट में 5 से 7 पुलिस की गाड़ियां शामिल होती थीं। हालांकि उन्होंने सुरक्षा वापस कर दिया है। उनके साथ पूर्व सीएम लालू यादव, मीसा भारती और पत्नी राजश्री भी मौजूद थीं।
राजधानी पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं, खजाना खाली है और अपराध-भ्रष्टाचार बेलगाम हो चुका है। तेजस्वी ने कहा कि मुझे कोई सुरक्षा की जरूरत नहीं है। सम्राट चौधरी घृणा की भावना से राजनीति कर रहे हैं। सरकारी खजाना खाली है। इसलिए ध्यान भटकाने के लिए सुरक्षा कम कर दी गई।
पटना पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा अब राजद के कार्यकर्ता कर रहे हैं और उन्हें सरकारी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता बहादुर हैं, विचारधारा से जुड़े हुए हैं। संकट की घड़ी में सभी साथियों ने हमारा साथ दिया है। हम सभी कार्यकर्ताओं का दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमला बोलते हुए कहा कि सम्राट चौधरी चीफ मिनिस्टर नहीं, चीप मिनिस्टर हैं। सरकार पूरी तरह मुद्दों से भटक चुकी है। बेरोजगारी, महंगाई और अपराध जैसे गंभीर विषयों पर कोई बात नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार दावा करती रही कि अपराधियों को पाताल से भी खोज निकाला जाएगा। आज अपराधियों की स्थिति और कानून-व्यवस्था की हालत पूरे बिहार के सामने है।
राजद सांसद और लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने भी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान जनता के मुद्दों से हटकर राजनीतिक प्रतिशोध पर है। मीसा ने कहा कि यह सरकार सुरक्षा घटाने, आवास खाली कराने और मंदिर-मस्जिद जैसे मुद्दों में उलझी हुई है।
बता दें कि हाल के दिनों में बिहार की राजनीति में लालू परिवार की सुरक्षा और सरकारी आवास को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। राज्य सरकार द्वारा वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद लालू-राबड़ी परिवार और राजद के कुछ नेताओं की सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किया गया था। इसके बाद राजद ने आरोप लगाया कि राजनीतिक बदले की भावना से उनकी सुरक्षा कम की जा रही है। सरकार के इस फैसले से नाराज राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने अपनी सुरक्षा लौटाने का फैसला किया है।