बिहार की सियासत में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की मुलाकात को लेकर अटकलें तेज हैं। मंगलवार की सुबह नीतीश कुमार अचानक संजय झा के आवास पहुंचे, लेकिन वहां जो हुआ उसने मौजूद कार्यकर्ताओं, नेताओं को हैरान कर दिया। नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं और मीडिया से दूरी बनाए रखी। कई बार अनुरोध के बावजूद लोगों से बात नहीं की और कुछ ही देर के लिए गाड़ी से निकले फिर गाड़ी से ही हाथ जोड़कर अभिवादन कर निकल गए।
दरअसल मंगलवार को नीतीश कुमार का काफिला संजय झा के आवास पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि पूर्व सीएम के आने की खबर मिलते ही संजय झा खुद गाड़ी के पास पहुंचे और नीतीश कुमार से बाहर आने का आग्रह करने लगे। इस दौरान नीतीश कुमार गाड़ी के अंदर बैठे रहे और बाहर खड़े लोगों की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन करते दिखाई दिए। संजय झा ने कई बार उनसे बाहर निकलकर लोगों से मिलने का अनुरोध किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नीतीश कुमार के निजी सहायक हरेंद्र भी कई बार गाड़ी के पास पहुंचे और नीतीश कुमार से बाहर आकर मौजूद लोगों से बात करने की अपील करते रहे। लगातार अनुरोध के बाद आखिरकार नीतीश कुमार कुछ क्षणों के लिए गाड़ी से बाहर निकले। लेकिन बाहर आते ही उन्होंने संजय झा से कहा-आप ही बात कर लीजिए।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक नीतीश कुमार ने गाड़ी के अंदर बैठे-बैठे ही कई बार हाथ जोड़कर अभिवादन किया, लेकिन वे भीड़ के बीच जाने या मीडिया से बातचीत करने के मूड में नजर नहीं आए। कुछ ही देर बाद उनका काफिला वहां से रवाना हो गया। जिसने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
बता दें कि जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं। लगातार पार्टी के सीनियर नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज संजय झा से मुलाकात की। बीते दिनों भी नीतीश कुमार ने संजय झा से मुलाकात थी। जेडीयू की ओर से इस मुलाकात को सामान्य राजनीतिक शिष्टाचार और संगठनात्मक गतिविधि बताया जा रहा है। हालांकि नीतीश कुमार की मीडिया और कार्यकर्ताओं, नेताओं से दूरी को लेकर अटकलें तेज हो गई है।