पटना: इंडिया गठबंधन द्वारा आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में शामिल होने के लिए लालू प्रसाद और तेजस्वी प्रसाद यादव पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गये। रामलीला मैदान में होने वाले रैली में राष्ट्रीय जनता दल के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधान पार्षद, नेताओं और कार्यकर्ता के अलावा बड़ी संख्या बिहार एवं देश भर से लोग इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ रैली में शामिल होंगे।
इससे पहले दिल्ली रवाना होने से पहले तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता ने भारत के संवैधानिक व्यवस्था को ध्वस्त करके नागरिकों के वोट के अधिकार को छीनने का कार्य किया है, उससे लोगों में गुस्सा और रोष है। जिस तरह से साढ़े तेरह करोड़ मतदाताओं के नाम विलोपित करके चुनाव आयोग ने लोकतंत्र को कमजोर करने वाली कार्रवाई की है, उसके प्रतिकार में लोकतांत्रिक अधिकार के लिए रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग के माध्यम से जिस तरह से एसआईआर करवा कर चुनाव जीतने की कवायद की, और इसका फायदा उठाया, उसके कारण बिहार, पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में एसआइआर के बाद चुनाव हुए, उसके बाद भाजपा और एनडीए के अनुसार सरकार बनी और वोट चोरी करके बीजेपी और एनडीए की सरकार बनाई गई है। इस मुद्दे पर पूरे देश में लोकतंत्र बचाने की लड़ाई को मजबूत करने के अभियान को रामलीला मैदान से गति मिलेगी।