MLC चुनाव : बिहार महागठबंधन में रार! RJD के बाद कांग्रेस ने उतारे 5 उम्मीदवार

बिहार विधान परिषद (MLC)​ चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रहे हैं, सियासी पारा कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है।

पटना : बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव  काफी दिलचस्प हो गया है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रहे हैं, सियासी पारा कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है। विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले बिहार महागठबंधन के अंदर सबकुछ ठीक नहीं दिख रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) के बीच सीटों को लेकर खींचतान अब खुलकर सामने आती दिख रही है। कांग्रेस ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। खास बात यह है कि इनमें चार सीटों पर राजद पहले ही अपने उम्मीदवार उतार चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या एमएलसी चुनाव को लेकर बिहार में राजद और कांग्रेस का गठबंधन कमजोर पड़ गया है? बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कांग्रेस पार्टी ने एमएलसी उम्मीदवारों को सहमति पत्र दिया।

कांग्रेस ने भी 4 सीटों पर उतारा प्रत्याशी

आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इनमें कोसी स्नातक (मनोज कुमार जायसवाल), पटना शिक्षक (डॉ. संजय यादव), पटना स्नातक (डॉ. असदुल्लाह खान) और दरभंगा स्नातक (रजनीकांत पाठक) व शिक्षक (डॉ. मदन मोहन झा) की सीट शामिल हैं। इन चारों सीटों पर राजद पहले ही अपने प्रत्याशी उतार चुका है। यानी अब दोनों दलों के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे।

दरभंगा शिक्षक सीट से मदन मोहन मौजूदा MLC हैं, जबकि तिरहुत शिक्षक सीट से CPI के संजय सिंह हैं

दरअसल, बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव होना है। राजद ने कुछ दिन पहले ही छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। इनमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार और कोसी स्नातक से नितेश कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रोफेसर जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को मैदान में उतारा गया है। हालांकि दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए राजद ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया था।