'हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं' तेजस्वी से विवाद के बीच रोहिणी ने सिंगापुर में लालू यादव का ऐसे किया स्वागत

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव शनिवार को सिंगापुर पहुंच गए। एयरपोर्ट पर रोहिणी आचार्य ने अपने पिता लालू यादव का स्वागत किया है। एयरपोर्ट से पिता को लेकर रोहिणी घर के लिए निकल गई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 30, 2026, 3:12:00 PM

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव शनिवार को सिंगापुर पहुंच गए। एयरपोर्ट पर रोहिणी आचार्य ने अपने पिता लालू यादव का स्वागत किया है। एयरपोर्ट से पिता को लेकर रोहिणी घर के लिए निकल गई है। रोहिणी आचार्य ने लालू यादव के सिंगापुर पहुंचने का एक भावुक वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए रोहिणी आचार्य ने लालू यादव को भगवान बताते हुए कहा है कि हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं।  हेल्थ चेकअप को लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सिंगापुर गए हैं। लालू यदव अपने पोस्ट ट्रांसप्लांट रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए पहुंचे हैं। 

लालू प्रसाद यादव हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंचे हैं। बेटी रोहिणी आचार्या ने एयरपोर्ट पर अपने पिता से गले लगकर उनका स्वागत किया। लालू अपनी बेटी के लिए आम, लीची जैसे फल और ढेर सारी मिठाइयां लेकर गए हैं। उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने एयरपोर्ट पर उन्हें रिसीव करने का वीडियो शेयर किया है। वीडियो शेयर कर रोहिणी ने लिखा है- हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं। हमारी छोटी सी दुनिया में हमारे चारो धाम आए हैं। उनके चरणों कीधूल ले लें हम, हमारे कृपानिधान आए हैं। 

लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर गए हैं। साल 2022 में सिंगापुर में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। रोहिणी ने ही उन्हें किडनी दी थी। ऑपरेशन के बाद वह समय-समय पर वहां डॉक्टर के पास जाकर स्वास्थ्य जांच कराते हैं। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हर तीन महीने पर नियमित मेडिकल चेकअप कराने की सलाह दी थी। लेकिन पिछले करीब एक साल से उनका रूटीन चेकअप नहीं हो पाया था। अब डॉक्टरों की सलाह पर वे दोबारा सिंगापुर पहुंचे हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी विस्तृत जांच करेंगे और आगे के इलाज को लेकर परामर्श देंगे।

वहीं विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद लालू परिवार में विवाद की स्थिति भी देखने को मिली थी। रोहिणी आचार्या ने आरोप लगाया था कि पटना स्थित राबड़ी आवास में उनके साथ अभद्र व्यवहार हुआ और हार के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया गया। उन्होंने यहां तक कहा था कि उनके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी हुई। इसके बाद रोहिणी पटना एयरपोर्ट से दिल्ली होते हुए सिंगापुर चली गई थीं और उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव से रिश्ता तोड़ने की बात भी कही थी। इस वाकये के बाद वह अभी तक अपने मायके भी नहीं आई हैं। हालांकि, बाद में परिवार के कार्यक्रमों में उनकी गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। हाल ही में तेजस्वी यादव के बेटे इराज के बर्थडे में पूरा लालू परिवार शामिल हुआ, लेकिन रोहिणी आचार्या उसमें नहीं पहुंचीं।