रांची : झारखंड की राजधानी रांची में कांग्रेस विधायक भूषण बारा के खिलाफ नाबालिग के यौन उत्पीड़न के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और जेजे एक्ट की धाराएं लगाई हैं। हटिया के डिप्टी एसपी नीरज कुमार ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, घटना विधायक के घर पर रहने के दौरान हुई बताई गई है। फिलहाल मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है। इधर, खबर उजागर करने वाले पत्रकार के दफ्तर में आधी रात को झारखंड पुलिस छापेमारी के बहाने डराने पहुंच गई। बाद में विपक्षी भाजपा नेताओं ने पुलिस ज्यादती के खिलाफ धरना पर बैठ गए।
नाबालिग की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर कांग्रेस विधायक भूषण बारा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर कांग्रेस विधायक भूषण बारा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हटिया के डिप्टी एसपी नीरज कुमार ने बताया कि एफआईआर में विधायक का नाम शामिल है। इस मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। डिप्टी एसपी ने बताया कि नाबालिग विधायक के घर पर रहती थी। वहां रहने के दौरान उसके साथ दुष्कर्म की घटना होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
FIR दर्ज होने के बाद नाबालिग की मेडिकल जांच कराई जा रही है - पुलिस अधिकारी
पुलिस अधिकारी के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद नाबालिग की मेडिकल जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी चल रही है। मामले में जेजे एक्ट और पॉक्सो एक्ट की धाराएं शामिल की गई हैं। हटिया के डिप्टी एसपी नीरज कुमार ने बताया कि मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल विधायक भूषण बारा की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने ऊपर लगे बलात्कार के आरोपों पर कांग्रेस विधायक भूषण बारा ने कहा जो आरोप है, वो झूठा आरोप है
वहीं अपने ऊपर लगे बलात्कार के आरोपों पर कांग्रेस विधायक भूषण बारा ने कहा जो आरोप है, वो झूठा आरोप है। ये मनगढ़ंत है, हमारी छवि को धूमिल करने के लिए कुछ विरोधी लोगों द्वारा यह षडयंत्र किया जा रहा है। मुझे बदनाम करने के लिए यह सब किया जा रहा है। हमारे संगठन से कुछ निष्कासित लोग और कुछ असामाजिक तत्व लोग इसमें शामिल हैं। किसी भी बच्ची के साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ है। मैं दूसरी बार विधायक बना हूं और कभी ऐसी घटना नहीं घटी है लेकिन मैं जिस तरह से काम करता हूं, लोगों के दुख में खड़े होकर मैं उनका साथ देता हूं, जिस तरह से लोग हमारे साथ जुड़ रहे हैं, उनको इसकी तकलीफ है। बच्ची से आरोप लगवाया जा रहा है, बच्ची आरोप नहीं लगा रही है। उसको गुमराह किया जा रहा है।