बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो दिवसीय दिल्ली दौरे से शुक्रवार को वापस पटना लौटे। राजधानी पटना पहुंचते ही सम्राट चौधरी सीधे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि 15 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच लगभग 15 मिनट तक बातचीत हुई। माना जा रहा है कि इस दौरान बिहार विधान परिषद चुनाव और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर दिल्ली में हुई बातचीत की जानकारी भी नीतीश कुमार को दी गई है। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने इलेक्शन का शेड्यूल जारी कर दिया है। ऐसे में दोनों गठबंधनों में इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ऐसे में इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली गए थे। दिल्ली में उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति से शिष्टाचार मुलाकात की थी। सीएम जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा से भी मिले थे। अब दिल्ली से पटना आते ही सीएम सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है। आने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने खाली हो रहे इन सीटों पर चुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया था। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों को लेकर चुनाव आयोग ने शेड्यूल जारी किया है, इसमें 1-8 जून तक नामांकन की प्रक्रिया होगी। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।