'नीतीश कुमार के बिना विधवा हो जाएगा बिहार', राज्यसभा जाने पर सीएम के बहनोई का बड़ा बयान!

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नॉमिनेशन फाइल करने के फैसले ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकर्ताओं और सपोर्टर्स को हैरान कर दिया है। JDU के कार्यकर्ता पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर रहे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 05, 2026, 3:59:00 PM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नॉमिनेशन फाइल करने के फैसले ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकर्ताओं और सपोर्टर्स को हैरान कर दिया है। JDU के कार्यकर्ता पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के विरोध में JDU कार्यकर्ता पटना स्थित पार्टी दफ्तर के बाहर भारी प्रदर्शन कर रहे हैं। दफ्तर में तोड़फोड़ की खबरें भी आ रही हैं।

नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं।

नीतीश कुमार के बहनोई अनिल कुमार ने सीएम के राज्यसभा जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, "बिहार और नीतीश जी के साथ ठीक नहीं हुआ। नीतीश कुमार के बिना बिहार विधवा हो जाएगा।" उन्होंने कहा कि बीच में ही उन्हें राज्यसभा भेजना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार में जो नीतीश जी ने काम किया उसे कोई भूल नहीं सकता।

जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की है कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही सबसे लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल का अंत हो जाएगा। कुमार वर्ष 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। नीतीश ने कहा कि राज्य में नए मुख्यमंत्री एवं राज्य की नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।

उन्होंने कहा, "दो दशकों से अधिक समय तक आपने लगातार मुझ पर विश्वास और समर्थन जताया है। उसी विश्वास की ताकत से हमने बिहार और आप सभी की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की है। आपके भरोसे और समर्थन की शक्ति से ही आज बिहार विकास और गरिमा की एक नयी पहचान प्रस्तुत कर रहा है।"

कुमार ने राज्य के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। उन्होंने X पर कहा, "इसी आकांक्षा को ध्यान में रखते हुए मैं इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखता हूं।"

उन्होंने कहा, "मैं पूरी ईमानदारी के साथ आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि भविष्य में भी आपसे मेरा संबंध बना रहेगा और विकसित बिहार के निर्माण के लिए आपके साथ मिलकर काम करने का मेरा संकल्प अडिग रहेगा। राज्य में बनने वाली नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।"