पटना : बिहार विधान परिषद (MLC) की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए आज यानी 27 अक्टूबर को मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर राज्यभर में आठ केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आठ सीटों के लिए मैदान में कुल 150 उम्मीदवार हैं, जिनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 60 उम्मीदवार शामिल हैं।
मतगणना केंद्रों पर काउंटिंग शुरू
मतगणना केंद्रों पर काउंटिंग शुरू हो गई है. जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटर पर गंदगी है। सीसीटीवी कैमरा नहीं है। चुनाव आयोग से शिकायत की बात कही है। प्रत्याशी के आरोपों का पटना डीएम कुंदन कुमार ने जवाब दिया है। पटना डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि इस चुनाव में सीसीटीवी कैमरे नहीं रहते, जहां तक गंदगी की बात है उसे ठीक कर लिया जाएगा।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता थे, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 40,253 थी
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता थे, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 40,253 थी। जिन आठ निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुए हैं, उनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतगणना केंद्रों में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूर्णिया स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का क्षेत्रीय कार्यालय, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सारण स्थित एसवीएन राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय और तिरहुत के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी का प्रशासनिक भवन शामिल हैं।
पटना के बांकीपुर गर्ल्स स्कूल में काउंटिंग
पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगी, जबकि दरभंगा के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन में की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने शेष चार सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।