पवन सिंह-निशांत के पास इतनी संपत्ति, पावरस्टार को महंगी गाड़ियों का शौक, MLC प्रत्याशियों की संपत्ति का खुलासा

बिहार एमएलसी चुनाव में उम्मीदवारों की ओर से दाखिल शपथपत्रों में उनकी संपत्ति और आर्थिक स्थिति सामने आई है। शपथपत्रों से उनकी आर्थिक स्थिति, शौक और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी कई बड़ी जानकारियां सामने आईं हैं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 09, 2026, 11:06:00 AM

बिहार एमएलसी चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के कुल 10 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है, जिनमें भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, निशांत कुमार और राजद के डॉ सुनील कुमार सिंह सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। उम्मीदवारों की ओर से दाखिल शपथपत्रों में उनकी संपत्ति और आर्थिक स्थिति सामने आई है। शपथपत्रों से उनकी आर्थिक स्थिति, शौक और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी कई बड़ी जानकारियां सामने आईं हैं। उम्मीदवारों में कोई करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति का मालिक है तो किसी को महंगी गाड़ियों का शौक है। शपथपत्रों में नकदी, बैंक बैलेंस, वाहन, आभूषण, जमीन-जायदाद और लंबित मुकदमों तक की जानकारी दी गई है।

बीजेपी की ओर से प्रत्याशी बनाए गए भोजपुरी फिल्मों के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह के पास करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति है। इसके साथ ही उनके खिलाफ कुछ आपराधिक मामले भी लंबित हैं, हालांकि किसी भी मामले में अभी तक उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है। चुनावी दस्तावेजों के मुताबिक पवन सिंह के पास संपत्ति के नाम पर नकद राशि तो सिर्फ 50 हजार रुपये है, लेकिन उनकी कुल चल और अचल संपत्ति लगभग 20 करोड़ रुपये की है. जबकि विभिन्न बैंक खातों में करीब 1.64 करोड़ रुपये जमा हैं। 

वहीं उन पर विभिन्न बैंकों का लगभग 2.34 करोड़ रुपये का कर्ज भी बकाया है। अभी भी कागज में ज्योति सिंह भाजपा के MLC कैंडिडेट पवन सिंह की पत्नी हैं। दोनों के तलाक का मामला कोर्ट में है। उनके पास लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी हैं  और करीब 28 हजार रुपये मूल्य की चांदी है। उनके पास आरा, पटना, लखनऊ और मुंबई में जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक भवन जैसी संपत्तियां हैं। इन अचल संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 13 करोड़ रुपये बताया गया है।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने हलफनामे में खुद को मैट्रिकुलेशन (10वीं/12वीं) पास बताया है और उन पर चुनावी तौर पर कोई गंभीर आपराधिक दोषसिद्धि दर्ज नहीं है। पवन सिंह को लग्जरी और आधुनिक वाहनों का शौक है। उनके वाहन संग्रह में कई महंगी एसयूवी और अन्य वाहन शामिल हैं। हलफनामे के अनुसार उनके पास टोयोटा फॉर्च्यूनर, टोयोटा लीजेंडर, लैंड क्रूजर, महिंद्रा थार, स्कॉर्पियो नियो और एक सुजुकी स्कूटी है। उनके स्वामित्व वाले वाहनों की कुल कीमत लगभग 3.83 करोड़ रुपये बताई गई है।

महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर मैदान में उतरे डॉ. सुनील सिंह के पास एक डीबीबीएल गन और एक रिवॉल्वर भी है। उनकी कुल चल संपत्ति 6.46 करोड़ रुपये है, जबकि अचल संपत्ति की कीमत लगभग 4.41 करोड़ रुपये आंकी गई है। गाड़ियों के काफिले में उनके पास मारुति एस्टीम और हुंडई ब्रांड की कारें शामिल हैं।

जदयू उम्मीदवार निशांत ने अपनी कुल संपत्ति लगभग 4.63 करोड़ रुपये बताई है। इसमें 1.96 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 2.67 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनके पास हुंडई और किया कंपनी की कारें हैं। अचल संपत्ति में 1.06 करोड़ रुपये की संपत्ति स्वयं अर्जित बताई गई है, जबकि 1.61 करोड़ रुपये की संपत्ति विरासत में मिली है। 

वहीं डॉ. संजय प्रकाश (मयूख) के पास लगभग 1.76 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। इनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है। उन पर एक मामला लंबित है। यह कोतवाली थाने बिना अनुमति जुलूस निकालने और रास्ता रोकने का है। अनिल ठाकुर के बैंक खाते में सिर्फ 1.63 लाख जमा है।  अनिल ठाकुर ने 2025-26 में छह लाख 94 हजार 760 आय दर्शायी है। पूर्णिया निवासी अनिल के पास 60 हजार नकदी है।