बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। 8 सीटों पर हो रहे चुनाव के बीच पहली सीट का रिजल्ट सामने आ गया है। बीजेपी के खाते में पहली जीत दर्ज हुई है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार नरेंद्र सिंह ने दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद जीत दर्ज की है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा दूसरे स्थान पर रहे। दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के प्रो. सुरेश राय आगे हैं, जबकि सारण शिक्षक सीट पर अफाक अहमद ने बढ़त बनाई है।
दरअसल तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की। नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 600 वोटों से हराया। निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा दूसरे स्थान पर रहे। मतगणना के दौरान नरेंद्र प्रसाद सिंह ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। मतगणना के निर्धारित चरण पूरे होने के बाद उन्हें विजेता घोषित किया गया। निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मौजूदा सीपीआई एमएलसी प्रो. संजय सिंह तीसरे स्थान पर खिसक गए।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रो. सुरेश राय ने शुरुआती रुझानों में बढ़त बना ली है। उनके मुकाबले कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा पीछे चल रहे हैं। दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय 700 वोटों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के वर्तमान एमएलसी मदन मोहन झा दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। मतगणना के आंकड़ों के अनुसार, जन सुराज के प्रो. सुरेश राय 2,058 मतों के साथ आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को 1,746 और वामपंथी उम्मीदवार रामदेव राय को 1,735 मत मिले हैं। जैसे-जैसे मतपत्रों की गिनती आगे बढ़ेगी, मुकाबले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
उधर, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भी जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अफाक अहमद ने शुरुआती बढ़त बनाकर मुकाबले को रोमांचक कर दिया है। जदयू के पुष्कर आनंद को 2440, जनसुराज के अफाक को 1999 और राजद के जयराम यादव को 1708 वोट आये हैं। सारण शिक्षक सीट पर भी कई उम्मीदवार मैदान में हैं और आने वाले राउंड में तस्वीर बदल सकती है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना हो रही है। इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 5.32 लाख से ज्यादा मतदाताओं के वोटों से होगा।