बिहार एमएलसी चुनाव में दरभंगा स्नातक सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है। दरभंगा स्नातक सीट पर 60 घंटे के करीब चली काउंटिंग के बाद राजद के अनिल झा जीत गए हैं। आरजेडी ने बड़ा उलटफेर करते हुए बीजेपी के सर्वेश कुमार को हरा दिया है। लगातार आगे चल रहे बीजेपी के सर्वेश कुमार को हार का सामना करना पड़ा है। राजद के अनिल झा 450 वोटों से जीते हैं। पटना के बाद बिहार एमएलसी चुनाव में दरभंगा सबसे बड़ी हॉट सीट बन गई है। यहां स्नातक सीट का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया था। इस सीट पर तीसरे दिन भी काउंटिंग जारी रही।
दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती के बाद राजद के अनिल झा ने दरभंगा स्नातक सीट पर जीत का परचम लहरा दिया। हालांकि इसके लिए उन्हें 3 दिन तक वोटों की गिनती का इंतजार करना पड़ा। नतीजे घोषित होते ही राजद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर मतगणना 27 अक्टूबर से जारी थी। लंबी मतगणना प्रक्रिया के बाद आरजेडी प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार को शिकस्त दे दी। इसके साथ ही दरभंगा स्नातक सीट पर राजद ने जीत दर्ज की। बीजेपी के सर्वेश कुमार सबसे आगे दिख रहे थे लेकिन आखिरी राउंड की काउंटिंग खत्म होते ही जो नतीजे आए उसने सबको हैरान कर दिया। राजद के अनिल कुमार झा ने इस सीट पर बीजेपी के साथ सबको चौंकाते हुए जीत दर्ज कर ली।
बता दें कि इससे पहले दरभंगा स्नातक मतगणना को लेकर तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। तेजस्वी यादव ने कहा- 10 प्रतिशत मत अवैध घोषित होने के बावजूद RJD की जीत का दावा बरकरार है। 27 अक्टूबर से जारी मतगणना 29 अक्टूबर तक पूरी नहीं होने पर सवाल उठाए थे। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मतगणना में बीजेपी की जीत निकालने की कोशिश की जा रही है। तेजस्वी का दावा, बीते 56 घंटे से मतगणना केंद्र पर गड़बड़ी की कोशिश हो रही है। RJD नेता ने कहा, मतगणना केंद्र पर पार्टी के कार्यकर्ता मजबूती से डटे हुए हैं।