पटना : बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित एमएलसी के शपथ ग्रहण की तैयारी तेज हो गई है। आज यानी 17 नवंबर को अधिसूचना जारी हो सकती है। आठ नवनिर्वाचित स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्यों का शपथ ग्रहण 18 नवंबर 2026 को संभावित है। 23 अक्टूबर 2026 को इन आठ सीटों पर मतदान हुआ था और 27 अक्टूबर 2026 को परिणाम घोषित किए गए थे। इन सीटों पर पहले से कार्यरत सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हुआ है।
राज्यपाल शपथ ग्रहण की तिथि निर्धारित करने के लिए विधान परिषद सभापति को करेंगे अधिकृत
आपको बता दें कि आठों नवनिर्वाचित विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण को लेकर मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके उपरांत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन शपथ ग्रहण की तिथि निर्धारित करने के लिए विधान परिषद सभापति को अधिकृत करेंगे। संभावना है कि 18 नवंबर को विधान परिषद के सभापति नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
5 पुराने चेहरे नहीं आएंगे नजर
वहीं नवनिर्वाचित सदस्यों के सदन में पहुंचने के साथ ही विधान परिषद की तस्वीर भी बदलेगी। इस बार चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चारों सीटों पर निवर्तमान विधान पार्षदों को पराजय का सामना करना पड़ा है। इनमें दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के मदन मोहन झा, तिरहुत (मुजफ्फरपुर) शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजय सिंह, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नवल किशोर यादव और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद का नाम सम्मिलित हैं। इसके अतिरिक्त दरभंगा स्नातक सीट से हारे निर्दलीय सर्वेश कुमार भी सदन में नहीं दिखेंगे।
3 सदस्य पहली बार पहुंचे सदन
इन पांचों नेताओं की जगह अब नए निर्वाचित सदस्य सदन में नजर आएंगे। खास बात यह है कि नवल किशोर यादव करीब तीन दशक से विधान परिषद की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वहीं, मदन मोहन झा भी सदन के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल रहे हैं। 18 नवंबर को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में तीन सदस्य पहली उच्च सदन की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इनमें पटना शिक्षक सीट से विजेता डॉ. संजीव कुमार, सारण शिक्षक सीट से राहुल राज एवं दरभंगा स्नातक सीट से अनिल कुमार झा के नाम शामिल हैं।