आज से बिहार बोर्ड मैट्रिक वार्षिक परीक्षा शुरू, 1699 सेंटर्स पर 15 लाख स्टूडेंट देंगे परीक्षा

बिहार मैट्रिक वार्षिक परीक्षा आज से पूरे राज्य में शुरू हो गई है। इस बार परीक्षा के लिए कुल 1699 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 15 लाख 12 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 17, 2026, 8:40:00 AM

बिहार मैट्रिक वार्षिक परीक्षा आज से पूरे राज्य में शुरू हो गई है। इस बार परीक्षा के लिए कुल 1699 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 15 लाख 12 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार छात्राओं की संख्या छात्रों से ज्यादा है, जो राज्य में शिक्षा के बढ़ते दायरे और बेटियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से शुरू हो रही है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से आयोजित की जा रही है। पहले दिन दोनों पालियों में मातृभाषा विषय की परीक्षा हो रही है, जिसमें हिंदी, बंगला, उर्दू और मैथिली शामिल हैं। यह वार्षिक परीक्षा 25 फरवरी तक चलेगी।

परीक्षा को लेकर इस बार कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। जूते और मोजे पहनकर आने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि किसी तरह की नकल की संभावना को रोका जा सके। केंद्रों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

इसी बीच मुंगेर से एक वीडियो सामने आया है, जिसने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक छात्र अपनी पैंट में चिट छिपाते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा छात्र मोबाइल और पेपर के सहारे तैयारी करता नजर आ रहा है। इस घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और मामले की जांच की जा रही है।

आनंद किशोर ने परीक्षार्थियों से अपील किया है की परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले अवश्य पहुंच जाएं. सभी छात्रों को अपने साथ एडमिट कार्ड और आवश्यक पहचान पत्र लाना अनिवार्य है. बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षार्थियों के नाम, विवरण और फोटो के साथ उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे.