लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति से अहम खबर है। यहां प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चुनावी सरगर्मी काफी तेज हो गयी है। एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदलते हुए नये प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी अपने आगामी राजनीतिक कदम को आगे बढाया।
प्रदेश सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य इंडिया एलायंस में शामिल हो गए। स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस मौके पर कहा कि वह राहुल गांधी को मजबूत करना चाहते हैं। स्वामी प्रसाद ने शनिवार को नयी दिल्ली में अपने राजनीतिक दल अपनी जनता पार्टी की इंडिया एलायंस का हिस्सा बनने की घोषणा की। इससे पहले स्वामी प्रसाद मौर्य की राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी। जिसके बाद यह चर्चा जोरों पर थी कि स्वामी प्रसाद मौर्य कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि यह पहला मौका है, जब स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी इंडिया अलायंस का हिस्सा बनी है।
हालांकि इससे पहले राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने बयान दिया था कि उनका संगठन अपनी जनता पार्टी अब इंडिया गठबंधन का हिस्सा होगी। उनकी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लडेगी और यूपी की राजनीति में राजनीतिक रणनीति क्या होगी, इस बात पर बाद में चर्चा होगी। जिस मुद्दे पर उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में कार्य कर रही है, उसी मुद्दे पर राहुल गांधी भी आवाज उठा रहे हैं। राहुल गांधी पूरे देश में अनुसूचित जाती, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों की आवाज उठा रहे हैं।
बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य इससे पहले कई राजनीतिक दल में अपनी राजनीति की पारी को खेल चुके हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य की गिनती कभी यूपी की सीएम रही तथा बसपा की सुप्रीमो मायावती के नजदीकी नेताओं में होती थी। वह मायावती सरकार में मंत्री रहने के साथ ही नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का रूख किया और बीजेपी में शामिल हो गए। मौर्य 2017 में प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने के बाद योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में भी शामिल हुए हालांकि इसके बाद फिर उन्होंने पार्टी को बदली और सपा के साथ चले गये। सपा में रहने के दौरान वहां उनके मतभेद की भी खबरें आयी। इसके बाद उन्होंने सपा से भी इस्तीफा दे दिया और अपनी जनता पार्टी के नाम से अपना राजनीतिक संगठन शुरू किया।