सीएम सम्राट चौधरी नयी दिल्ली में है। खबर है कि सम्राट चौधरी का यह दौरा काफी अहम है। इस दौरे को सियासी और प्रशासनिक, दोनों ही लहजे से अहम माना जा रहा है। सम्राट चौधरी की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात भी होगी। दिल्ली से लेकर पटना तक, बिहार बीजेपी के तमाम बडे नेताओं की नजरें इस मुलाकात पर टिकी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे का सबसे प्रमुख एजेंडा केंद्रीय गृह मंत्रालय में आयोजित बैठक है। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण बैठक 'कर्तव्य भवन' में आयोजित की गई है। इस बैठक में केंद्रीय स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सम्राट चौधरी भी शामिल होंगे। बैठक में सुरक्षा, प्रशासनिक समन्वय और राज्य के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गहन मंथन किए जाने की संभावना है। राज्य में विकास योजनाओं को रफ्तार देने के साथ बाढ़, कानून-व्यवस्था, जल प्रबंधन और बुनियादी ढांचे जैसी बड़ी चुनौतियां सामने हैं। दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से होने वाली मुलाकातों पर बिहार की राजनीति की भी नजर है।
गृह मंत्री की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शाम 4:00 बजे 'सदन भवन' पहुंचेंगे, जहां उनकी मुलाकात केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल से तय की गई है। बिहार में वर्तमान समय में बाढ़ का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इस परिस्थिति को देखते हुए यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है। खबर यह भी है कि दिन भर चलने वाली इन बैठकों और केंद्रीय मंत्रियों से संवाद के बाद मुख्यमंत्री रात 8:45 बजे वापस लोक सेवक आवास पटना के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।