राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, इन नियुक्तियों का प्रभाव संबंधित राज्यपालों के पदभार संभालने की तारीख से होगा। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु, ओम प्रकाश माथुर को केरल, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि संबंधित राज्यों के मौजूदा राज्यपाल तब तक अपने पद पर बने रहेंगे जब तक नए नियुक्त व्यक्ति औपचारिक रूप से कार्यभार नहीं संभाल लेते।
ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्हें जुलाई 2024 में सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया था। ओम माथुर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान से पूर्व राज्यसभा सांसद हैं।
जनवरी 2025 से केरल के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अब तमिलनाडु का पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किया गया है। आर.एन. रवि के मार्च में पश्चिम बंगाल स्थानांतरित होने के बाद आर्लेकर तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। राजेंद्र आर्लेकर गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और बिहार व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रह चुके हैं।
ओडिशा, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में नए राज्यपाल
चार और राज्यों में भी राज्यपाल बदले गए हैं। ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे पलामू से पूर्व लोकसभा सांसद रह चुके हैं। ओडिशा में वे हरि बाबू कंभमपति की जगह लेंगे। कंभमपति ने जनवरी 2025 में ओडिशा के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी।
कर्नाटक में सुधा यादव को राज्यपाल बनाया गया है। वे महेंद्रगढ़ से भाजपा की पूर्व सांसद हैं और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। वे कर्नाटक में थावरचंद गहलोत की जगह लेंगी।
उत्तराखंड में ढाल सिंह बिसेन को राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे मध्य प्रदेश के बालाघाट से पूर्व लोकसभा सांसद हैं। वे उत्तराखंड में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे।
सिक्किम में दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाया गया है। वे भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। वे सिक्किम में ओम प्रकाश माथुर की जगह लेंगे।
इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक, जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिहाज से देखा जा रहा है।
6 राज्यों में राज्यपाल की नियुक्ति
सिक्किम के मौजूदा राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरलम का राज्यपाल बनाया गया है।
केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल बने हैं।
ब्रज मोहन राम को ओडिशा का गवर्नर नियुक्त किया गया।
डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का गवर्नर नियुक्त किया गया।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का गवर्नर नियुक्त किया गया।
दुष्यंत गौतम को सिक्किम का गवर्नर नियुक्त किया गया