नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह के दौरान तीन देशों के राजदूतों से उनके परिचय पत्र स्वीकार किए। ग्रीस, स्पेन और नेपाल के राजनयिकों ने राष्ट्रपति को अपने परिचय पत्र सौंपे। राष्ट्रपति मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में ग्रीस के राजदूत जॉर्जियोस पेटमेजाकिस, स्पेन के राजदूत अल्फ्रेडो मार्टिनेज सेरानो और नेपाल के राजदूत डॉ. निश्चल नाथ पांडे से उनके परिचय-पत्र स्वीकार किए। आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर समारोह से जुड़ी तस्वीरें साझा की गईं।
भारत और ग्रीस के बीच आधुनिक राजनयिक संबंध मई 1950 में स्थापित हुए थे - MEA
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, भारत और ग्रीस के बीच आधुनिक राजनयिक संबंध मई 1950 में स्थापित हुए थे और अगस्त 2023 में इन्हें रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर उन्नत किया गया। ग्रीस ने 1950 में नई दिल्ली में और भारत ने मार्च 1978 में एथेंस में अपना दूतावास खोला। वहीं, स्पेन के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध 1956 में स्थापित हुए थे। वर्ष 2026 में दोनों इन संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के साथ 'भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) वर्ष' मना रहे हैं। तो पड़ोसी राज्य नेपाल और भारत के बीच राजनयिक संबंधों की औपचारिक शुरुआत आजादी के ठीक बाद, यानी 17 जून 1947 को हुई थी, और 1950 की शांति एवं मैत्री संधि इन संबंधों का मुख्य आधार है। भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति में नेपाल एक प्राथमिकता वाला साझेदार है।
परिचय पत्र समारोह इस महीने में दूसरी बार संपन्न हुआ है
परिचय पत्र समारोह इस महीने में दूसरी बार संपन्न हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह नवंबर 2026 को भी राष्ट्रपति भवन में माली, म्यांमार, मेडागास्कर और इक्वेटोरियल गिनी के राजदूतों से परिचय-पत्र स्वीकार किए थे। राष्ट्रपति भवन में विदेशी राजदूतों और उच्चायुक्तों से परिचय-पत्र स्वीकार करने की परंपरा भारत में उनके राजनयिक कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है। यह एक राष्ट्राध्यक्ष की ओर से दूसरे राष्ट्राध्यक्ष के नाम जारी किया गया औपचारिक पत्र होता है, जो राजनयिक की नियुक्ति की पुष्टि करता है।
नवनियुक्त राजनयिक राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक औपचारिक समारोह में राष्ट्रपति को अपने परिचय-पत्र सौंपते हैं
नवनियुक्त राजनयिक राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक औपचारिक समारोह में राष्ट्रपति को अपने परिचय-पत्र सौंपते हैं, जैसा गुरुवार को दिखा भी। ये प्रक्रिया देशों के बीच आपसी सम्मान, राजनयिक मान्यता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है। राष्ट्रपति की आधिकारिक साइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, इस आयोजन में औपचारिक प्रोटोकॉल, संवाद और राष्ट्रपति के साथ अनौपचारिक बातचीत शामिल रहती है।
सोर्स-आईएएनएस