अमृत भारत एक्सप्रेस में बड़ी कार्रवाई, बैग से मिले 1.48 करोड़ कैश, हिरासत में युवक

महाराष्ट्र के नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस में एक संदिग्ध युवक के बैग से एक करोड़ 48 लाख 64 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन विजिलेंट' के तहत की गई।

नासिक : महाराष्ट्र के नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस में एक संदिग्ध युवक के बैग से एक करोड़ 48 लाख 64 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन विजिलेंट' के तहत की गई। 

छठ पूजा को देखते हुए नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी

जानकारी के अनुसार, छठ पूजा को देखते हुए नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। 12 नवंबर 2026 को ट्रेन नंबर 22112 अमृत भारत एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंचने के दौरान आरपीएफ की टीम ने एक युवक को बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में देखा। शक होने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। युवक की पहचान संदीप बालासाहेब भामरे (24 साल) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सांगली जिले के अटपडी तहसील के गोमवाड़ी का निवासी बताया गया है। फिलहाल वह जलगांव के भवानी पेठ में रह रहा था।

तलाशी के दौरान उसमें से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई

पूछताछ के दौरान बैग में रखे सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आरपीएफ अधिकारियों ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। इस छापेमारी में पांच सौ के (29,322 नोट), दो सौ के (715 नोट) और सौ के छह सौ नोट बरामद हुए हैं।

कुल बरामदगी

आपको बता दें कि कुल एक करोड़ 48 लाख 64 हजार रुपए बरामद हुए हैं। आरपीएफ ने बरामद पूरी नकदी और संबंधित व्यक्ति को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए नासिक स्थित आयकर विभाग की जांच इकाई-1 के डिप्टी डायरेक्टर को सौंप दिया है। इस कार्रवाई को सीनियर डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर भुसावल चित्रेश जोशी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।