विपक्ष के 140 से अधिक सांसदों का EC दफ्तर तक विरोध मार्च, धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका-अखिलेश

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विपक्ष सड़क पर उतर चुका है। INDIA गठबंधन के 19 दलों के 140 से अधिक सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाला है।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विपक्ष सड़क पर उतर चुका है। INDIA गठबंधन के 19 दलों के 140 से अधिक सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाला है। INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से निकलकर निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे हैं। मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है।

विपक्ष के इस विरोध मार्च में कई पार्टियों के नेता और सांसद शामिल हुए हैं।  निर्वाचन सदन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर INDIA ब्लॉक के नेताओं को रोक दिया है।  राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव और पार्टी के कुछ अन्य युवा सांसद पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड पर चढ़ गए हैं। 

 राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, डी. राजा और INDIA ब्लॉक के दूसरे वरिष्ठ नेता आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।  बताया जा रहा है कि ये सभी नेता चुनाव आयोग से लगभग 200 मीटर दूर, नीति आयोग के पास धरने पर बैठे हुए हैं। सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'वोट चोर' के नारे लगा रहे हैं।  मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। 

सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'वोट चोर' के नारे लगा रहे हैं। वहीं राहुल गांधी के हाथ में ‘ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो’ का पोस्टर है। इसका मतलब है ज्ञानेश कुमार अब आपका समय हो गया है, इस्तीफा दें। हालांकि दिल्ली में नई संसद से चुनाव आयोग तक के मार्च में AAP और DMK शामिल नहीं है। आम आदमी पार्टी ने इस मार्च से दूरी बना ली है. आम आदमी पार्टी ने साफ कहा कि वह लड़ाई खुद लड़ रही है।  इसलिए वह SIR को लेकर हो रहे INDIA गठबंधन के मार्च  में शामिल नहीं होगी।  

विपक्षी गठबंधन की 5 मांगें, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें

1.CEC के इस्तीफे की मांग की

2. मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग

3. SIR और वोटर के नाम हटाने पर सवाल

4. EVM की जगह बैलेट पेपर की मांग

5. विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील