Delhi CJP Protest : दिल्ली पुलिस की हिरासत में अभिजीत, सौरव और रांका भी डिटेन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली पुलिस ने इस दौरान सीजेपी के 500 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।

नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली पुलिस ने इस दौरान सीजेपी के 500 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लेने के बाद बस से लेकर जा रही है। पुलिस उन्हें कहां ले जा रही है, इसकी जानकारी नहीं मिली है।

रत्ना सिंह को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया

कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने कहा कि मुझे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, हिरासत में लेने का कारण नहीं बताया गया है। दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली को 20 जोन में बांटा गया है और हर जोन के लिए डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच गुरुग्राम में ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में लिया। सीजेपी ने दावा किया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे लगभग 50 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में ध्रुव राठी के घर पहुंचे थे।

दिल्ली पुलिस लगातार ड्रोन से कई इलाकों पर नजर रख रही है

वहीं दिल्ली पुलिस लगातार ड्रोन से कई इलाकों पर नजर रख रही है। जंतर-मंतर और इसके आसपास भारी पुलिसफोर्स तैनात है। प्रदर्शन को देखते हुए सरकार अलर्ट है। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें कैंसिल हैं। वहीं कई मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कई अहम रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की घोषणा की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नई दिल्ली या मध्य दिल्ली के रास्ते रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या हवाई अड्डे जाना है तो अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।